सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने सऊदी अरब में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। दूतावास ने कहा है कि मौजूदा हालात को देखते हुए सभी भारतीय सतर्क रहें, घर के अंदर रहें और आधिकारिक चैनलों के जरिए स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करें। साथ ही भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों को हमले से जुड़े वीडियो साझा करने से बचने की सलाह दी है।   

 

सऊदी अरब में अबहा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाकर हुए हमलों के बाद भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। इससे पहले भारत ने सऊदी अरब के दोनों एयरपोर्ट पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की, विदेश मंत्रालय ने कहा कि अबहा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाए जाने से आम लोगों की जान गई है। 

 

यह भी पढ़ें: हूती विद्रोहियों के खिलाफ जंग में सऊदी अरब के साथ कौन-कौन से देश?

भारतीय दूतावास ने अपनी एडवाइजरी में क्या कहा? 

'मौजूदा हालात को देखते हुए सऊदी अरब में रह रहे सभी भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे सतर्क और सजग रहें, जरूरत के अनुसार घर के अंदर रहें और आधिकारिक चैनलों के जरिए स्थानीय अधिकारियों द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। भारतीय नागरिकों को सख्त सलाह दी जाती है कि वे  घटनाओं से जुड़े किसी भी वीडियो या खबर को प्रसारित या दोबारा पोस्ट करने से बचें।'

भारत ने सऊदी एयरपोर्ट पर हमलों की निंदा की है 

भारत ने गुरुवार को दो सऊदी एयरपोर्ट पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की और सिविलियन इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाने को पूरी तरह से नामंजूर बताया। विदेश मंत्रालय ने कहा, 'भारत पिछले कुछ दिनों में रियाद के आभा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाकर किए गए हमलों की निंदा करता है, जिनमें आम लोगों की मौत हुई है और वे घायल हुए हैं।'

 

मंत्रालय ने कहा, 'सिविलियन इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाना पूरी तरह से नामंज़ूर है। हम उन परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। हम घायलों के जल्दी ठीक होने की कामना करते हैं।' नई दिल्ली ने भी सऊदी अरब के साथ एकजुटता व्यक्त करते हुए कहा कि हम सऊदी अरब के लोगों और सरकार के साथ एकजुटता व्यक्त करते हैं और खड़े हैं।