इजरायल और ईरान के बीच भीषण जंग के बीच इजरायल डिफेंस फोर्सेज (IDF) ने एफ- 14 विमानों को नष्ट करने का दावा किया है। वहीं लेबनान की राजधानी बेरुत में ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड के कुद्स फोर्स के कमांडरों को भी निशाना बनाया। आईडीएफ ने बताया कि ईरान के इस्फहान शहर के एक एयरपोर्ट पर एफ-14 विमानों को नष्ट किया गया है।
हालांकि एजेंसी ने अभी संख्या का खुलासा नहीं किया है। तसनीम न्यूज एजेंसी के मुताबिक इजरायली हमलों में कम से कम आठ शहर प्रभावित हुए हैं। इस्फहान में 11 लोगों की जान गई है। इजरायल ने शुक्रवार को तेहरान के मेहराबाद एयरपोर्ट पर कुद्स फोर्स के 16 विमानों को तबाह किया था।
अमेरिका और इजरायल ने शनिवार की रात पहली बार ईरान के तेल भंडार को निशाना बनाया। ईरान के सरकारी टीवी के मुताबिक पांच तेल सुविधाओं पर हमला किया गया है। इसमें चार टैंकर चालकों की जान गई है। तेहरान और अल्बोरज में चार तेल डिपो और एक पेट्रोलियम उत्पाद परिवहन केंद्र पर हमला किया गया।
यह भी पढ़ें: एक साल में ट्रंप से भिड़ने वाले नेता; न डरे, न दबे... तानाशाही से भी लड़े
तेहरान में दिन में ही रात जैसा नजारा
सोशल मीडिया पर ईरान के कई वीडियो वायरल हैं। इसमें आग और धुएं का गुबार उठता दिख रहा है। एक अन्य वीडियो में तेहरान के ऊपर काला धुआं छाया है। इस कारण धूप जमीन तक नहीं पहुंच पा रही है। दिन में ही रात जैसा नजारा देखने को मिल रहा है। तेहरान के लोगों का कहना है कि हवा में कुछ जलने की गंध आ रही है।
बता दें कि इजरायल और अमेरिका के बीच जंग 9वें दिन में प्रवेश कर गई है। इस बीच रेड क्रिसेंट नाम की एनजीओ ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि युद्ध में अब तक ईरान में करीब 10,000 नागरिक इमारतों को नुकसान पहुंचा है। इनमें से 7,943 आवासीय और 1,617 व्यवसायिक इकाइयां शामिल हैं।
ईरान में सर्वोच्च नेता के नाम पर बनी सहमति
ईरान के अगले सर्वोच्च नेता के नाम पर सहमति बन गई है। यह जानकारी ईरान की विशेषज्ञों की सभा के सदस्य अयातुल्ला मोहम्मद महदी मीरबाघेरी ने दी। उधर, इजरायल की सेना ने धमकी दी है कि वह अयातुल्ला अली खामेनेई के हर उत्तराधिकारी का पीछा करना जारी रखेगी।
यह भी पढ़ें: देश में तारीफ, बाहर नफरत, इजरायल को किस मोड़ पर ले आए बेंजामिन नेतन्याहू?
इजरायल बोला- उत्तराधिकारी को भी नहीं छोड़ेंगे
आईडीएफ ने एक्स पर लिखा, 'तानाशाह खामेनेई को मारने के बाद ईरान का आतंकवादी शासन खुद को दोबारा संगठित करने और एक नए नेता का चयन करने की कोशिश कर रहा है। ईरान की विशेषज्ञों की सभा, जो दशकों से नहीं हुई है। जल्द ही कोम शहर में बैठक करेगी। हम आपको बताना चाहते हैं कि इजरायल हर उत्तराधिकारी और उत्तराधिकारी नियुक्त करने की कोशिश करने वाले शख्स का पीछा करता रहेगा। उत्तराधिकारी चयनित करने वाली बैठक में भाग लेने वाले सभी लोगों को हम चेतावनी देते हैं कि हम आपको भी निशाना बनाने से नहीं हिचकेंगे।'
