अफ्रीकी देश माली में बड़े हमले की खबर आ रही है। राजधानी बामाको समेत देश के कई हिस्सों में अज्ञात आतंकी समूहों ने बड़ा हमला किया है। कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया है। बामाको में ही माली के प्रमुख एयरपोर्ट के पास भीषण गोलीबारी हो रही है। इसके अलावा सैन्य अड्डों के पास धमाके की आवाज सुनी गई। माली की सेना का कहना है कि लड़ाई अभी जारी है।

 

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक माली के सैन्य शासक जनरल अस्सिमी गोइता के आवास के पास सुबह दो बड़े धमाके हुए हैं। यहां लगातार फायरिंग चल रही है। राजधानी बामाको के बाहर स्थित काटी सैन्य अड्डे पर भी आतंकियों ने हमला किया है। सेना हेलीकॉप्टर से आसपास के इलाके में अपना अभियान चला रही है।

 

 

 

यह भी पढ़ें: H-1B वीजा को लेकर अमेरिका में बिल पेश, 3 साल तक पूरी तरह रोक लगाने का प्रस्ताव

 

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक गाओ, किडाल और सेवारे शहर में हर तरफ गोलीबारी चल रही है। सेना ने भी मोर्चा संभाल रखा है। बामाको के मोदिबो कीता इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास भी ऑटोमैटिक राइफल और भारी हथियारों से फायरिंग की जा रही है। माली की सेना का कहना है कि कई सशस्त्र संगठनों ने मिलकर एक साथ हमले को अंजाम दिया है। आतंकी समूहों के खिलाफ लड़ाई जारी है।

 

माली: एक साल में दो तख्तापलट

अफ्रीकी देश माली ने 2020 और 2021 में दो बार तख्तालट देखा। पिछले एक दशक से देश में अशांति फैली है। मौजूदा समय सैन्य शासक अस्सिमी गोइता का राज है। पिछले साल ही उन्हें राष्ट्रपति बनाया गया है। नियुक्ति पांच साल की खातिर हुई है। हालांकि वह जितनी बार चाहे, अपना कार्यकाल बढ़ा सकते हैं।

 

यह भी पढ़ें: अमेरिका-ईरान की बातचीत के बीच पाकिस्तान में बड़ा ऑपरेशन, 22 आतंकवादी ढेर

 

1960 तक फ्रांस ने माली पर शासन किया। मगर गोइता की सरकार ने न केवल फ्रांस से रिश्ते तोड़े, बल्कि उसकी सेना को भी देश से निकाल दिया। अब रूस का वैगनर ग्रुप माली सेना की सहायता कर रहा है।  2023 में माली ने बुर्किना फासो और नाइजर के साथ मिलकर साहेल राज्यों का गठबंधन तैयार किया। अब तीनों देशों की संयुक्त सैन्य बटालियन साहेल क्षेत्र में अल-कायदा और आईएसआईएल से लड़ रही है।