रूस के पश्चिमी साइबेरिया इलाके में 17 नवंबर की रात एक विमान हादसा हो गया है। राजधानी मॉस्को से करीब 3,000 किलोमीटर पूर्व में केमेरोवो के यागुनोवो गांव के पास रूसी सेना का एंटोनोव An-12 ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट क्रैश हो गया। रूसी रक्षा मंत्रालय ने पुष्टि की है कि विमान में क्रू सदस्यों समेत कुल 19 लोग सवार थे और इस दुर्घटना में किसी को भी बचाया नहीं जा सका।
शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, उड़ान के दौरान प्लेन में अचानक आग लग गई थी। इसके बाद पायलटों का प्लेन पर से नियंत्रण टूट गया। तेजी से नीचे गिरते हुए विमान जमीन से टकराया और एक धमाके के साथ कई टुकड़ों में बंट गया। यह साइबेरिया के नोवोसिबिर्स्क से उड़ान भरकर क्रास्नोयार्स्क क्राई के कांसक जा रहा था।
यह भी पढ़ें: यूक्रेन, उत्तर कोरिया के लिए मिसाइल टेस्ट की जमीन बन गया है?
पायलटों की सूझबूझ से टला बड़ा नुकसान
केमेरोवो क्षेत्र के गवर्नर इल्या सेरेड्यूक ने बताया कि हादसे से ठीक पहले क्रू सदस्यों ने समझदारी दिखाई। आग लगने के बावजूद पायलट जलते हुए प्लेन को आखिरी समय तक रिहायशी इलाकों से दूर ले जाने की कोशिश करते रहे। इसी वजह से वह यागुनोवो गांव के पास एक सुनसान जगह पर गिरा। इस कारण आम लोगों की जान बच गई। रूसी रक्षा मंत्रालय का मानना है कि किसी तकनीकी खराबी की वजह से यह हादसा हो सकता है। हालांकि, इसे अभी अंतिम कारण नहीं माना गया है।
वायुसेना के विशेषज्ञों की टीम को जांच की जिम्मेदारी दी गई है। टीमें मौके से ब्लैक बॉक्स और अन्य सबूत जुटाकर यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि उड़ान के दौरान अचानक क्या गड़बड़ी हुई। हादसे के तुरंत बाद प्रशासन ने दुर्घटनास्थल पर एक इमरजेंसी रिस्पॉन्स सेंटर बनाया। पूरे इलाके में पुलिस, मेडिकल टीम और नेशनल गार्ड के जवानों को तैनात किया गया है।
क्या है सोवियत दौर का An-12 विमान?
दुर्घटनाग्रस्त हुआ An-12 सोवियत संघ के जमाने का चार टर्बोप्रॉप इंजन वाला सेना का कार्गो प्लेन है। इसे 1950 के दशक के आखिर में तैयार किया गया था। इसका मुख्य काम सैनिकों, भारी सैन्य उपकरणों और जरूरी सामान को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाना है। इस विमान को उड़ाने के लिए आमतौर पर छह सदस्यों का क्रू होता है। दुनिया भर में इसके 1,000 से ज्यादा मॉडल बनाए गए थे। आज भी रूस समेत कई देशों की सेनाएं इसका इस्तेमाल कर रही हैं।
यह भी पढ़ें: 'मोदी सख्त इंसान हैं...', PM के सामने फिर क्यों बोल गए ट्रंप?
गौरतलब है कि हाल के समय में रूस में सैन्य विमानों के क्रैश होने की घटनाएं बढ़ी हैं। इससे पहले अक्टूबर में भी बाल्टिक सागर के पास कैलिनिनग्राद क्षेत्र में एक ट्रेनिंग उड़ान के दौरान Su-30 फाइटर प्लेन का एक्सीडेंट हो गया था। इससे पुराने प्लेन की सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
