ब्रिटिश लेखक एम. जॉन हैरिसन को साल 2026 के बुकर पुरस्कार से नवाजा गया। उन्हें यह पुरस्कार व्यंग्यात्मक उपन्यास 'द एंड ऑफ एवरीथिंग' के लिए मिला है। 81 साल के एम. जॉन हैरिसन बुकर प्राइज जीतने वाले सबसे अधिक उम्र के विजेता बन गए हैं। हैरिसन को बुकर प्राइज के साथ 50,000 पाउंड (लगभग 63 लाख रुपये) की पुरस्कार राशि भी मिली है।
बुकर प्राइज का समारोह सोमवार को लंदन में आयोजित हुआ था। लंदन के ओल्ड बिलिंग्सगेट में बुकर प्राइज के विजेता की घोषणा की गई। एम. जॉन हैरिसन को पिछले साल के विजेता डेविड जलाय ने पुरस्कार दिया। यह एम. जॉन हैरिसन का 13वां उपन्यास है।
यह भी पढ़ें: पोलैंड में गोलीबारी के आरोपी के घर में मिले 3 लोगों के शव, क्या परिवार को मारा?
क्या है उपन्यास की कहानी?
'द एंड ऑफ एवरीथिंग' में भविष्य की कल्पना की गई है, जिसमें इंग्लैंड के एक शहर पर आईघेटी नामक रहस्यमयी जीवों का कब्जा हो जाता है। इस कहानी में समुद्र तट पर सामान खोजने वाले एक शख्स और उसकी आंटी के संघर्ष को भी दिखाया गया है। इस उपन्यास की कहानी 198 पन्नों में खत्म हो जाती है। जानकारी के लिए बता दें, 2026 के बुकर प्राइज के लिए छह किताबें शॉर्टलिस्ट की गई थीं, जिनमें 'द एंड ऑफ एवरीथिंग' सबसे कम पन्नों वाली किताब थी।
किन उपन्यासों को मिलता है बुकर प्राइज?
बुकर पुरस्कार की शुरुआत 1969 में हुई थी। शुरुआत में यह पुरस्कार केवल यूके, आयरलैंड और कॉमनवेल्थ देशों के लेखकों के लिए था। 2014 से इसमें किसी भी देश के उन लेखकों को शामिल करने की अनुमति दी गई, जो इंग्लिश में लिखते हैं, बशर्ते उनकी उपन्यास इंग्लैंड या आयरलैंड के बाजार में मिलती हो।
यह भी पढ़ें: अनिल मेनन ने अमेरिका के चुनाव में स्पेस से कैसे डाल दिया वोट? समझिए पूरी बात
2025 में बुकर प्राइज लेखक डेविड जलाय के उपन्यास 'फ्लेश' को मिला था। इस उपन्यास में हंगरी से आए एक कम बोलने वाले व्यक्ति की कहानी बताई गई है। इससे पहले साल 2024 में सामंथा हार्वे के उपन्यास 'ऑर्बिटल' को बुकर प्राइज मिला था। इस उपन्यास की कहानी स्पेस स्टेशन पर आधारित है। हालांकि, यह साइंस फिक्शन उपन्यास नहीं है, बल्कि इसकी कहानी दार्शनिक प्रवृत्ति की है।
