नेपाल में आज सुबह एक दर्दनाक बस हादसा हुआ है। यह दर्दनाक हादसा नेपाल की राजधानी से करीब 90 किलोमीटर दूर पोखरा-काठमांडू रास्ते पर हुआ। रास्ते में यह बस सड़क से नीचे त्रिशूली नदी में गिर गई और इस हादसे में कम से कम 18 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा 26 यात्री घायल हो गए हैं। घायलों में से ज्यादातर को इलाज के लिए काठमांडू रैफर कर दिया गया है। 

 

 यह हादसा उस वक्त हुआ, जब पोखरा से काठमांडू आ रही बस पृथ्वी हाईवे पर काठमांडू से लगभग 90 किमी पश्चिम में सुबह करीब डेढ़ बजे त्रिशूली नदी में गिर गई। हाईवे रेस्क्यू मैनेजमेंट कमेटी के अध्यक्ष राजकुमार थाकुरी ने कहा कि हादसे में घायल यात्रियों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

 

यह भी पढ़ें: पूर्व रेल मंत्री मुकुल रॉय का निधन, 71 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

40 से ज्यादा यात्री थे सवार

जिस समय यह बस हादसे का शिकार हुई उस समय बस में 40 से ज्यादा यात्री सवार थे। रिपोर्ट्स के अनुसार, कुल 44 लोगों के होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक जानकारी शेयर नहीं की गई है। मृतकों में 12 पुरुष और 6 महिलाएं शामिल हैं। इस हादसे की खबर मिलते ही बचाव कार्य शुरू कर दिया गया था।  नेपाल की आर्म्ड पुलिस फोर्स के प्रवक्ता बिष्णु प्रसाद भट्टा ने बताया कि सभी सुरक्षा एजेंसियों के जवान बड़ी संख्या में  मौके पर मौजूद हैं और बचाव अभियान जारी है। 

नदी में बचाव कार्य मुश्किल

यह बस नदी में जा गिरी, जिस कारण बचाव कार्य में लगे जवानों को भी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। बचाव अभियान में नेपाली सेना, आर्म्ड पुलिस फोर्स, नेपाल पुलिस और स्थानीय लोग जुटे हुए हैं। अधिकारियों के अनु्सार, नदी में पानी का तेज बहाव होने के कारण और रात का समय होने के कारण राहत और बचाव कार्य बहुत मुश्किल है। हालांकि, ऑपरेशन लगातार जारी रहा। पुलिस बल ने शुरुआत में 17 शव बरामद होने की बात कही थी लेकिन बाद में एक और व्यक्ति की मौत की पुष्टि हो गई, जिससे मरने वालों का आंकड़ा 18 हो गया। 

 

यह भी पढ़ें: मंदिर का त्रिशूल तोड़ा और शिवलिंग उखाड़ने लगा, वीडियो आया तो हो गया गिरफ्तार

घायलों का इलाज जारी

इस हादसे में 26 यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। हालांकि, कुछ की हालत गंभीर होने की आशंका है। घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, ज्यादातर घायलों को आगे के इलाज के लिए काठमांडू रैफर कर दिया गया है।