ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच जारी जंग के बीच पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव शुरू हो गया है। लंबे समय से दोनों देशों के बीच संघर्षपूर्ण माहौल बना हुआ है। अब जानकारी सामने आ रही है कि पाकिस्तान की सेना की ओर से एक बार फिर अफगानिस्तान के कई इलाकों में ताबड़तोड़ हवाई हमले किए हैं। इन हमलों में 4 लोगों की मौत हो गई जबकि 15 लोग घायल हो गए हैं।
पाकिस्तान की सेना ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल, कंधहार, पकटिया और पकटिका समेत कई अन्य क्षेत्रों को निशाना बनाया गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, कई रिहायशी इलाकों में भी बमबारी की गई है, जिससे बड़ी संख्या में लोगों के घर तबाह हो गए हैं।
यह भी पढ़ें: अब अनिल अंबानी को लगा 581 करोड़ का झटका, ED की ताजा कार्रवाई में क्या है?
अफगानिस्तान सरकार ने क्या बताया?
इस हमले की जानकारी खुद अफगानिस्तान सरकार ने दी है। अफगान सरकार ने कहा है कि इस कायराना हमले में कई नागरिक मारे गए हैं। अफगानिस्तान की इस्लामिक अमीरात के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने आरोप लगाया है कि पाकिस्तान की सैन्य सरकार ने एक बार फिर अफगानिस्तान के कई क्षेत्रों पर बमबारी की है। उनके अनुसार इन हमलों में काबुल, कंधार, पकतिया, पकतिका और कुछ अन्य इलाकों को निशाना बनाया गया।
महिलाओं और बच्चों की भी मौत
जबीहुल्लाह मुजाहिद ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि पाकिस्तान ने कुछ जगहों पर नागरिकों के घरों को निशाना बनाया है। जिन घरों पर हमला किया गया उनमें कुछ बच्चे और महिलाएं भी थीं, जिनकी इस हादसे में दुखद मौत हो गई है। उन्होंने आगे कहा, 'रमजान के पवित्र महीने के आखिरी दस दिनों और ईद से ठीक पहले इस तरह की कार्रवाई यह दिखाती है कि हमलावर किसी भी मानवीय सिद्धांत और नैतिक मूल्यों का सम्मान नहीं करते।'
पलटवार की चेतावनी दी
पाकिस्तान के इन हमलों के बाद अफगानिस्तान ने पाकिस्तान को चेतावनी दी। अफगानिस्तान ने इन हमलों की निंदा की और इसे खुली आक्रामकता करार दिया है। जबीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा कि इस तरह की क्रूरता का जवाब जरूर दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: पेट्रोल पंप और गैस के लिए लंबी लाइनें, देशभर में अफरा-तफरी; अब मिलेगा कैरोसिन?
कई महीनों से जारी संघर्ष
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच पिछले कुछ महीनों से थोड़-थोड़े अंतरात में संघर्ष छिड़ते रहे हैं। पाकिस्तान ने अक्टूबर में अफगानिस्तान पर हमला किया था। इसके बाद पिछले महीने अफगानिस्तान ने पाकिस्तान की सीमा पर करीब 53 स्थानों पर हमला कर दिया था, जिसके जवाब में पाकिस्तान ने 26 फरवरी को ऑपरेशन गजब-लिल-हक के नाम से सैन्य कार्रवाई शुरू की।
पाकिस्तान ने दो दिन पहले ही दावा किया था कि उनके सुरक्षा बलों ने अपने इस सैन्य ऑपरेशन में अब तक 641 अफगान तालिबान आतंकवादियों को मार गिराया। इसके अलावा 855 के घायल होने का दावा भी पाकिस्तान ने किया है। दोनों देशों के बीच संघर्ष लगातार जारी है।
