अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने मंगलवार को अपने खिलाफ लाए गए महाभियोग प्रस्ताव को राजनीतिक तमाशा बताया है। पेंटागन में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि यह प्रस्ताव अमेरिकी सैनिकों की पीठ पर निशाना बनाने की कवायद है। उनके मुताबिक इससे दुश्मनों की तरफ यह संदेश जाएगा कि अमेरिकी संसद वैध सैन्य अभियानों को सफलता से पूरा करने पर अपने ही योद्धाओं और नागरिक नेतृत्व को सजा देगा।
रिपब्लिकन सांसद थॉमस मैसी ने सोमवार दोपहर हाउस में पीट हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग के अनुच्छेद पेश किए। इनमें कैरिबियन में कथित ड्रग तस्करी वाली नावों पर हमले और ईरान से युद्ध जैसे सैन्य अभियानों का जिक्र है। पीट हेगसेथ ने कहा कि ये सभी कार्रवाइयां राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निर्देश पर हुईं और पूरी तरह वैध थीं।
यह भी पढ़ें: 'ट्रंप से तारीफ करवाने के लिए PM मोदी ने पैसे दिए', कांग्रेस क्यों लगा रही आरोप?
पीट हेगसेथ ने इसे राजनीतिक तमाशा क्यों कहा?
पीट हेगसेथ ने कहा है कि एक नाराज और चुनाव हारा हुआ सांसद जो कर रहा है, वह निगरानी या जवाबदेही नहीं है। उन्होंने इसे अहंकार और नाराजगी से चलने वाला निजी घोषणापत्र करार दिया है। उनके अनुसार यह कदम संविधान का मजाक उड़ाने वाला है और कमान की श्रृंखला पर हमला करता है।
पीट हेगसेथ ने कहा कि यह मामला नीतिगत मतभेद का है, गंभीर अपराध, रिश्वत या देशद्रोह का नहीं। उन्होंने बताया कि आज तक किसी रक्षा मंत्री पर वैध सैन्य अभियान चलाने के लिए महाभियोग नहीं लगा है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि इस मामले में अभियान सफल भी रहे हैं।
अब महाभियोग की मांग क्यों तेज हुई?
पीट हेगसेथ को हटाने की मांग हाल में बढ़ी है। कई रिपब्लिकन नेताओं ने 2026 के मध्यावधि चुनाव में पार्टी की भारी हार का कारण ईरान युद्ध को बताया है। महाभियोग विशेषाधिकार वाला मामला है। अमेरिकी सदन को दो विधायी दिनों के भीतर इस पर विचार करना होगा। इससे रिपब्लिकन सांसदों को मध्यावधि चुनाव में बड़ी हार के बाद इस पर अपना रुख रिकॉर्ड पर रखना पड़ेगा।
यह भी पढ़ें: ईरान के परमाणु राज बताओ, अमेरिका देगा 20 मिलियन डॉलर, डर क्यों गए ट्रंप?
पीट हेगसेथ ने ट्रंप के महाभियोग का जिक्र क्यों किया?
पीट हेगसेथ ने कहा कि नीतिगत मतभेद का सही इलाज कानून बनाना, बहस और अगला राष्ट्रपति चुनाव है। उन्होंने कहा कि रिपब्लिकन के कांग्रेस पर नियंत्रण के दौरान डेमोक्रेट्स को हाउस और सीनेट का मंच देकर राष्ट्रपति और रक्षा मंत्री के खिलाफ शो ट्रायल नहीं चलने देना चाहिए।
पीट हेगसेथ ने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप पर पहले एक फोन कॉल को लेकर महाभियोग लगा। दूसरी बार कार्यकाल के आखिरी हफ्ते में लगा। पीट हेगसेथ के मुताबिक दोनों बार नाकामी हाथ लगी। अमेरिकी जनता ने डोनाल्ड ट्रंप को फिर व्हाइट हाउस भेजा। अब तीसरी बार कैबिनेट के एक सदस्य को निशाना बनाया जा रहा है।
डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ बढ़ती जा रही है नफरत?
प्रस्ताव पेश होने के बाद सोमवार को डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि पीट हेगसेथ ईरान में जंग जीत चुके हैं। ट्रंप के मुताबिक ईरान समझौता करना चाहेगा और उसकी नौसेना और वायुसेना तबाह हो चुकी है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीट हेगसेथ ने मीडिया की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि मीडिया सैन्य सफलता को स्वीकार नहीं करता, क्योंकि उसे राष्ट्रपति से ज्यादा नफरत है।
