तुर्की के बाद अजरबैजान पर हमले का मामला सामने आया है। अजरबैजान के स्वायत्त नखचिवान क्षेत्र में ड्रोन हमला किया गया है। जवाब में अजरबैजान ने ईरानी राजदूत को तलब करके अपनी चिंता व्यक्त की। हालांकि ईरान ने हमले की बात से इनकार किया है। अजरबैजान के विदेश मंत्रालय के मुताबिक एक ड्रोन नखचिवान स्वायत्त गणराज्य में एयरपोर्ट टर्मिनल भवन से टकरा गया। वहीं दूसरा ड्रोन शकराबाद गांव में एक स्कूल भवन के पास गिर गया। हमले में दो लोगों के घायल होने की खबर है।
अजरबैजान का नखचिवान इलाका ईरान और तुर्की के सीमा के पास स्थित है। अमेरिका के दखल के बाद आर्मेनिया और अजरबैजान के बीच ऐतिहासिक शांति समझौता हुआ था। ईरान अजरबैजान की सरकार पर देश को इजरायली जासूसी के अड्डे में बदलने का आरोप लगाता रहा है। ड्रोन हमले के बाद अजरबैजान की सरकार ने ईरानी राजदूत मोजतबा देमिरचिलू को तलब किया है और स्पष्टीकरण मांगा है। अजरबैजान का उनका देश उचित जवाबी कार्रवाई का अधिकार सुरक्षित रखता है।
यह भी पढ़ें: खत्म हो गईं ईरान की मिसाइलें? 6वें दिन थम गई हमलों की रफ्तार; दोहा में कई धमाके
अजरबैजान की सरकार ने हमले को अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन बताया और ईरान से ऐसे कदम उठाने की मांग की, जिससे ऐसी घटना दोबारा न हो सके। इस बीच उप विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने अजरबैजान पर हमले से इनकार कर दिया है। उन्होंने कहा, 'इस्लामिक गणराज्य ईरान ने अजरबैजान गणराज्य को निशाना नहीं बनाया है। हम अपने पड़ोसी देशों को निशाना नहीं बनाते हैं। ईरान की नीति केवल अपने दुश्मनों के उन सैन्य ठिकानों पर हमला करना है, जहां से ईरान पर हमला किया जाता है।'
अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच युद्ध पूरे क्षेत्र में फैल गया है। ईरान ने बुधवार को तुर्की पर बैलेस्टिक मिसाइल से हमला किया। हालांकि इसे इंटरसेप्ट कर लिया गया। तुर्की ने इस हरकत पर ईरान के सामने कड़ा विरोध जताया। इराक की राजधानी बगदाद स्थित अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास एक अमेरिकी सैन्य अड्डा पर ड्रोन से हमला किया गया।
यह भी पढ़ें: अली खामेनेई की मौत के 5 दिन बाद भारत ने जताया शोक, ईरानी दूतावास पहुंचे मिसरी
कतर की राजधानी दोहा के आसमान में कई धमाकों की आवाज सुनाई गई। सऊदी अरब ने अपने अल जॉफ क्षेत्र में एक ड्रोन को मार गिराया है। ओमान ऑयल मार्केटिंग कंपनी ने एक भंडारण टैंक के क्षतिग्रस्त होने की खबर दी है। उधर, लेबनान में इजरायल ने हिज्बुल्लाह के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है।
