पाकिस्तान के लाहौर में TikTok वीडियो बनाने के दौरान बाघिन के हमले में 19 साल के युवक की मौत हो गई। घटना लाहौर के कहना इलाके में एक निजी फार्महाउस की है। यहां सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नौमान हसन वीडियो बनाने पहुंचा था। शूटिंग के लिए बाघिन को पिंजरे से बाहर निकाला गया था। इसी दौरान उसने फार्महाउस में काम करने वाले युवक तल्हा पर हमला कर दिया।
पुलिस ने इस मामले में इन्फ्लुएंसर नौमान हसन और फार्महाउस के मालिक फैयाज को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक TikTok वीडियो बनाने के लिए बाघिन को पिंजरे से बाहर निकाला गया था। इसी दौरान वह बेकाबू हो गई और वहां काम करने वाले 19 साल के तल्हा पर हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें: मोतिहारी: 50 हजार की रिश्वत लेते डाक अधीक्षक गिरफ्तार, CBI ने रंगे हाथ पकड़ा
'मैनचेस्टर इवनिंग न्यूज' के मुताबिक, पुलिस ने दावा किया कि आरोपी नौमान हसन ने शुरुआत में कहा था कि युवक पर कुत्ते ने हमला किया है। हालांकि, जांच में पता चला कि तल्हा की मौत बाघिन के हमले में हुई थी। इसके बाद पुलिस ने नौमान हसन और फार्महाउस के मालिक फैयाज को गिरफ्तार कर लिया।
जानवरों के साथ वीडियो बनाता था नौमान
नौमान हसन का हासिल जानवरों के साथ वीडियो शूट करना था। नौमान हसन सोशल मीडिया पर पहले भी खतरनाक जानवारों के साथ वीडियो बनाता था। उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर बाघ के साथ खेलने और तेंदुए को सहलाने जैसे वीडियो भी मौजूद हैं। नौमान हसन ने बाघिन को अपने एक वीडियो के लिए पिंजरे से बाहर निकलवाया था। रिपोर्ट के मुताबिक यह बाघिन फार्महाउस पर बने एक ब्रीडिंग सेंटर में रखी गई थी
पुलिस अब जांच कर रही है कि फार्महाउस के मालिक के पास बाघिन पालने की कानूनी अनुमति थी या नहीं। यह भी पता लगाया जा रहा है कि वीडियो शूटिंग के दौरान सुरक्षा के जरूरी इंतजाम किए गए थे या नहीं। पुलिस ने बाघिन को वन्यजीव विभाग की हिरासत में सौंप दिया है।
यह भी पढ़ें: अमेरिका के पहले मुस्लिम सीनेटर बने अब्दुल अल-सैयद का भारत से क्या है कनेक्शन?
क्या बोली पुलिस?
लाहौर पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच हर संभावित पहलू से की जाएगी। पुलिस ने कहा, 'TikTok का शौक किसी इंसान की जिंदगी से बढ़कर नहीं हो सकता। शौक या मनोरंजन के नाम पर किसी को भी इंसान की जान जोखिम में डालने की इजाजत नहीं दी जा सकती। मामले की सच्चाई छिपाने की कोशिश और लापरवाही के हर पहलू की जांच की जाएगी।'
