दुनिया के सबसे छोटे देशों की सूची में शामिल वानुअतु ने फ्रांस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। दोनों देशों के बीच लड़ाई दो द्वीपों पर अपने अधिकार की है। फ्रांस और वानुअतु के बीच मैथ्यू और हंटर द्वीपों पर संप्रभुता को लेकर विवाद दशकों पुराना है। हाल ही में इस मुद्दे पर दोनों देशों ने दो राउंड की बातचीत की, लेकिन कोई हल नहीं निकला।
वानुअतु ने पहले इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस (ICJ) में मुकदमा दाखिल किया। अब फ्रांस के खिलाफ पिछले महीने यूनाइटेड नेशंस कन्वेंशन ऑन द लॉ ऑफ द सी (UNCLOS) के तहत नया मुकदमा दर्ज किया। इसके तहत दोनों देशों के बीच समुद्री अधिकारों को तय करने की मांग की गई है। हालांकि वानुअतु ने फ्रांस से मुद्दे के शांतिपूर्ण हल की बार-बार अपील भी की।
यह भी पढ़ें: UAE में बस-ट्रक की भीषण टक्कर में 13 की मौत, कई भारतीयों की भी गई जान
यूनाइटेड नेशंस कन्वेंशन ऑन द लॉ ऑफ द सी से पहले अगस्त में फ्रांस के खिलाफ वानुअतु ने इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस (ICJ) में एक आवेदन दाखिल किया था। इसमें वानुअतु ने मैथ्यू और हंटर द्वीप पर अपनी संप्रभुता तय करने और न्यू कैलेडोनिया के बीच एक सिंगल समुद्री सीमा को निर्धारित करने की मांग की थी।
मगर अड़ंगा तब लग गया, जब फ्रांस ने आईसीजे के अधिकार क्षेत्र को स्वीकार नहीं किया। बिना सहमति के आईसीजे की कार्रवाई रुक गई। हालांकि वानुअतु का UNCLOS जाना एक स्मार्ट कदम माना जा रहा है, क्योंकि इसमें सुनवाई के लिए फ्रांस की सहमति की जरूरत नहीं होगी।
क्या फ्रांस कीं बढ़ेंगी मुश्किलें?
'यूनाइटेड नेशंस कन्वेंशन ऑन द लॉ ऑफ द सी' में होने वाली सुनवाई फ्रांस की मुश्किलें बढ़ा सकती है। वानुअतु का तर्क है कि मैथ्यू और हंटर द्वीप नहीं हैं। ये सिर्फ चट्टानें हैं। अगर यह साबित हो जाता है कि यह द्वीप नहीं है तो फ्रांस को विशाल विशेष आर्थिक क्षेत्र के बदले सिर्फ 12 नॉटिकल मील का समुद्री क्षेत्र ही मिलेगा। यह फ्रांस के लिए किसी झटके से कम नहीं होगा।
कहां पर हैं मैथ्यू और हंटर द्वीप?
विश्व के नक्शे में जब आप ऑस्ट्रेलिया से उत्तर-पूर्ब दिशा में प्रशांत महासागर में जूम इन करेंगे तो आपको वानुआतु और न्यू कैलेडोनिया नाम की दो जगह दिखेंगी। न्यू कैलेडोनिया से दक्षिण-पूर्व में दो छोटे-छोटे द्वीप स्थित हैं। इन्हें दुनिया मैथ्यू और हंटर द्वीप कहती है, जबकि वानुअतु के लोग उमाएनुपने और उमाएनेग या लेका नाम से बुलाते हैं।
द्वीपों के पास ही फ्रांस की टेरिटरी न्यू कैलेडोनिया है। इसके करीब होने की वजह फ्रांस दोनों द्वीपों और उसके विशेष आर्थिक क्षेत्र को अपना हिस्सा मानता है। इसके उलट वानुअतु का तर्क है कि दोनों द्वीपों तक उसके मूल निवासियों के सदियों पुराने पारंपरिक और सांस्कृतिक संबध थे।
कितना पड़ा क्षेत्रफल?
वानुअतु के करीब प्रशांत महासागर में मौजूद मैथ्यू और हंटर निर्जन द्वीप हैं। दशकों से तनाव की वजह बने हैं। मैथ्यू और हंटर द्वीप और उनके लगभग साढ़े तीन लाख वर्ग किलोमीटर के विशेष आर्थिक क्षेत्र पर दोनों देशों की निगाह है। यह क्षेत्रफल वियतनाम के आकार से भी बड़ा है। दोनों द्वीपों और उनके आर्थिक क्षेत्र पर फ्रांस अपना दावा करता है। दूसरी तरफ वानुअतु के अपने तर्क हैं। दोनों द्वीपों का क्षेत्रफल महज 1.3 वर्ग किलोमीटर है। मतल यह दिल्ली के लोधी गार्डन से सिर्फ तीन गुना बड़े हैं। मगर इनका विशेष आर्थिक क्षेत्र बेहद विशाल है। दोनों ही द्वीप निर्जन हैं।
यह भी पढ़ें: ईरान: ऑनलाइन कॉन्सर्ट में हिजाब नहीं पहनने पर परस्तू अहमदी को 74 कोड़ों की सजा
आजादी से पुरानी है कब्जे की जंग
वानुअतु पर ब्रिटेन और फ्रांस ने मिलकर शासन किया। 1980 में इसे आजादी मिली। अब वानुअतु के उप प्रधानमंत्री जॉनी कोआनापो का दावा है कि हमें आजादी तो मिल गई, लेकिन हमारी पूरी अखंडता वापस नहीं मिली। मैथ्यू और हंटर हमारे इतिहास का हिस्सा हैं।
इन दोनों द्वीपों पर विवाद सिर्फ वानुअतु और फ्रांस के बीच ही नहीं है। आजादी मिलने से पहले ब्रिटेन और फ्रांस में भी मलिकाना हक पर विवाद था। विश्लेषकों के मुताबिक इन द्वीपों के आसपास मछलियों को पकड़ने और पानी के भीतर अमूल्य संसाधन व संपदा को हासिल करने की असल जंग है।
वानुअतु के बारे में जानिए
ऑस्ट्रेलिया के करीब प्रशांत महासागर में बसा एक छोटा सा देश है। इसका क्षेत्रफल करीब 12,189 वर्ग किमी है। अगर जनसंख्या की बात करें तो साढ़े तीन लाख के आसपास है। मुख्य भूमि के अलावा देश की आबादी कई द्वीपों में फैली है। पोर्ट विला इसकी राजधानी है। यह छोटा सा देश ऑस्ट्रेलिया से 1770 किमी और फिजी से करीब 800 किमी की दूरी पर बसा है। यहां की जमीन पठारी, पहाड़ी और ऊबड़-खबाड़ है। इंग्लिश और फ्रेंच के साथ बिस्लामा यहां की आधिकारिक भाषा है।
