मेक्सिको की सेना ने शुक्रवार को सिनालोआ स्टेट के ग्वासावे शहर में बड़ी कार्रवाई कर कुख्यात ड्रग सरगना फौस्तो इसीद्रो मेजा फ्लोरेस को गिरफ्तार कर लिया। उसे 'एल चापो इसीद्रो' के नाम से जाना जाता है और वह FBI की 10 मोस्ट वांटेड सूची में शामिल था। मेक्सिको के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक कार्रवाई के दौरान गोलीबारी हुई, जिसमें 7 संदिग्ध मारे गए और 4 मेक्सिकन सैनिकों की भी जान गई।

 

मेजा फ्लोरेस को शनिवार तड़के 5:20 बजे सैन्य विमान से मेक्सिको सिटी लाया गया। ऑपरेशन में कुल 8 लोग पकड़े गए। इसीद्रो का एक चचेरा भाई भी पकड़ गया है। वह इस सिंडेकेट का नंबर 2 लीडर है। उसका बहनोई भी पकड़ा गया, वह गिरोह का बिजनेस संभालता था। अब अमेरिका उसके प्रत्यर्पण की मांग कर रहा है।

यह भी पढ़ें: मेक्सिको का खूंखार ड्रग लॉर्ड El Mencho खत्म, थर्राते थे कनाडा और USA

हफ्तों की निगरानी, फिर जमीन पर उतरी सेना

मेक्सिको में इस सिंडिकेट के खात्मे के लिए कई सप्ताह से सेना तैयारी कर रहा था। शुक्रवार करीब 4 बजे से सेना जमीन पर उतरने लगी। इस दौरान मेक्सिको की सेना और अमेरिकी खुफिया अधिकारियों ने मिलकर काम किया। मेक्सिको सरकार के अनुरोध और अनुमति से अमेरिका ने मौसम ठीक रहने पर इलाके में ड्रोन से निगरानी की।

 

मेक्सिको के सैन्य विश्लेषकों ने मेजा फ्लोरेस की रोज की दिनचर्या समझी और उसकी बातचीत सुनी। उसकी मां, पत्नी और बहन के बीच हुए संदेशों से पता चला कि वह किन पार्टियों और बैठकों में जाने वाला था। शुक्रवार को रेडियो और फोन मैसेज और ड्रोन की मदद से उसकी लोकेशन ग्वासावे के एक घर तक पहुंची। विश्लेषकों ने उसकी आवाज, कद-काठी और चाल से भी उसकी पहचान की।

ग्वासावे कैसे बन गया ड्रग सिंडिकेट का सेंटर?

ग्वासावे लंबे समय से इस गिरोह का गढ़ रहा है। इसलिए सुरक्षाबलों का ध्यान बंटाने के लिए सिनालोआ के लोस मोचिस शहर में भी छापे मारे गए। इसी बीच 2 दर्जन से ज्यादा सादे कपड़ों में तैनात सैनिक ग्वासावे में दाखिल हुए। सेना के 2 ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टरों ने गोलीबारी की और घर में दाखिल हुए जवानों को कवर दिया। गिरोह के हथियारबंद लोगों ने बख्तरबंद पिकअप ट्रकों पर लगी .50 कैलिबर की बंदूकों से जवाबी फायरिंग की।

 

मेजा फ्लोरेस के पकड़े जाने के बाद दो हेलीकॉप्टर घर के ऊपर से उड़कर लोस मोचिस की ओर गए। यह भी ध्यान भटकाने की रणनीति थी। तीसरा हेलीकॉप्टर वहीं रहकर गिरोह के लोगों से मुकाबला करता रहा। विशेष बल उसे बख्तरबंद गाड़ी में बैठाकर ग्वासावे से बाहर ले गए।

 

 

 

यह भी पढ़ें: हत्या का बवाल करप्शन और क्राइम तक पहुंचा, मेक्सिको के Gen-Z प्रोटेस्ट की कहानी

कौन है मेजा फ्लोरेस और क्या हैं आरोप?

मेजा फ्लोरेस, मेजा फ्लोरेस संगठन का मुखिया है। उसका उम्र 44 साल का है। उसके सिंडिकेट को ग्वासावे कार्टेल भी कहा जाता है। माना जाता है कि वह 1990 के दशक से ड्रग तस्करी में सक्रिय है। वह पहले बेल्ट्रान लेवा संगठन का वरिष्ठ सदस्य था। गुटों में टूट के बाद हिंसा बढ़ी और उसने 2013 तक अपना अलग गिरोह खड़ा कर लिया। उसके संगठन की सिनालोआ कार्टेल से भी हिंसक जंग चलती रही है।

 

अमेरिका में उस पर पहली बार 2012 में ड्रग तस्करी का आरोप लगा था और 2019 में फिर आरोप तय हुए। आरोप है कि उसने 2005 से 2019 के बीच कोकीन, हेरोइन, मेथामफेटामाइन और गांजे की बड़ी मात्रा बनाने और बेचने की साजिश रची। उसे 2025 में FBI की मोस्ट वांटेड सूची में डाला गया था।

FBI की मोस्ट वांटेड सूची में क्यों है?

मेक्सिको में 2024 में 20 लाख फेंटानिल गोलियां जब्त की गईं थी। यह खबर पूरी दुनिया में फैल गई। इनका नाता, अलचापो गैंग से ही रहा। अमेरिकी एजेंसी DEA के मुताबिक उस पर नार्को-आतंकवाद, आतंकवाद को मदद देने और संगठित आपराधिक गिरोह चलाने के आरोप हैं। दोषी पाए जाने पर उसे उम्रकैद या मौत की सजा हो सकती है। उसकी गिरफ्तारी की जानकारी देने वाले पर अमेरिका ने 50 लाख डॉलर तक का इनाम रखा था।

ड्रग माफिया के समर्थन में दंगे हो गए

गिरफ्तारी के बाद ग्वासावे, लोस मोचिस, गुआमुचिल और नावोलातो जैसे इलाकों में गोलीबारी, सड़कों की नाकेबंदी और गाड़ियों में आगजनी हुई। हरमोसिलो में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास ने अपने नागरिकों को सतर्क रहने और सुरक्षित जगह पर रुकने की सलाह दी। मेक्सिको के अधिकारियों ने अब तक आम नागरिकों के हताहत होने की खबर नहीं दी है।

यह भी पढ़ें: FBI की वांटेड लिस्ट में गैंगस्टर गोल्डी बराड़, गिरफ्तारी कराने पर मिलेगा 9 करोड़

अमेरिका इतनी दखल क्यों दे रहा है?

ऑपरेशन के बाद अमेरिकी अधिकारियों ने अपनी भूमिका की जानकारी दी। मेक्सिको में अमेरिकी राजदूत रोनाल्ड जॉनसन ने कहा कि अहम खुफिया जानकारी के आदान-प्रदान से इसमें मदद मिली। DEA प्रमुख टेरी कोल ने इसे बड़ी जीत बताया। यह मामला दोनों देशों के रिश्तों में संवेदनशील माना जाता है। 

 

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मेक्सिको पर कार्टेल के खिलाफ और सख्ती का दबाव बना रहे हैं। मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शेनबाम सुरक्षा सहयोग बढ़ाने के पक्ष में हैं पर मेक्सिको की जमीन पर अमेरिकी सैनिक तैनात करने के प्रस्ताव को उन्होंने साफ ठुकरा दिया है।

क्या संगठन खत्म हो गया है?

BBC की एक रिपोर्ट के मुताबिक मेक्सिको के पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा अधिकारी एडुआर्डो जेरोन के मुताबिक किसी बड़े सरगना के पकड़े जाने से संगठन खत्म नहीं होता। उनका कहना है कि इससे थोड़े समय के लिए हिंसा बढ़ जाती है, क्योंकि निचले स्तर के कमांडर कब्जे के लिए लड़ते हैं। उन्होंने कहा कि सिनालोआ कार्टेल में पहले से सत्ता की लड़ाई चल रही है और इस गिरफ्तारी से उसका असर बढ़ सकता है।