रहमान गुल उर्फ मुरीद बलोच एक समय पाकिस्तानी सेना में कैप्टन थे। अब वह बलूचिस्तान को अलग देश बनाने की मांग करने वाले संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) के कमांडर-इन-चीफ बन गए हैं। रहमान गुल साल 2002 में पाकिस्तानी सेना में भर्ती हुए थे और 19 फ्रंटियर फोर्स रेजिमेंट में उन्होंने करीब 8 साल बिताए थे। रहमान गुल पहले लेफ्टिनेंट थे और साल 2007 में उन्हें कैप्टन बनाया गया था। पाकिस्तानी सेना में रहते हुए रहमान गुल ने उत्तरी वजीरिस्तान के सैन्य अभियानों में हिस्सा लिया था।
यहां सेना की गतिविधियों को देखकर रहमान गुल की सोच सेना से दूर और बलूचों के करीब होती चली गई। फरवरी 2010 में रहमान गुल ने सेना के खिलाफ खुला विद्रोह किया और वह बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) में शामिल हो गए। रहमान गुल को पाकिस्तानी सेना के अंदर और बाहर, दोनों का अनुभव है। उनके कमांडर-इन-चीफ बनने से पाकिस्तान की चिंता बढ़ गई है।
पिछले साल 11 मार्च को क्वेटा से पेशावर जा रही जफर एक्सप्रेस पर बड़ा हमला हुआ था। ट्रेन में करीब 440 यात्री सवार थे। BLA ने बड़ी संख्या में यात्रियों को बंधक बना लिया था। इस हमले के मास्टरमाइंड रहमान गुल ही थे। इसी के बाद पाकिस्तान की सरकारी एजेंसी ने रहमान गुल पर 10 लाख का इनाम रखा था। रहमान गुल कमांडर-इन-चीफ बनने से पहले बलूच लिबरेशन आर्मी के आत्मघाती दस्ते 'मजीद ब्रिगेड' के डिप्टी कमांडर थे। रहमान गुल एक शायर भी हैं और उनकी किताबों में बलूच राष्ट्रवाद, पाकिस्तानी सेना के खिलाफ संघर्ष और विद्रोह की झलक मिलती है।
असीम मुनीर से क्या है रिश्ता?
असीम मुनीर इस वक्त पाकिस्तान की तीनों सेनाओं के प्रमुख हैं। मुनीर फ्रंटियर फोर्स रेजिमेंट की 23वीं बटालियन में कमांडिंग ऑफिसर (CO) थे। वहीं, रहमान गुल पाकिस्तानी सेना की फ्रंटियर फोर्स रेजिमेंट का हिस्सा थे। कैप्टन रहमान गुल फ्रंटियर फोर्स रेजिमेंट की 19वीं बटालियन के अधिकारी थे। रहमान गुल के सेना विरोधी संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी का कमांडर-इन-चीफ बनने से पाकिस्तान जरूर चिंतित होगा।
यह भी पढ़ें: 500 रुपये में पाकिस्तानी एजेंट को बेच दी OTP, पकड़े गए दो जासूस
क्या बोली BLA?
BLA ने बयान जारी कर कहा कि वरिष्ठ कमांड परिषद ने विचार-विमर्श के बाद रहमान गुल उर्फ मुरीद को नया कमांडर-इन-चीफ चुना है। संगठन के मुताबिक, इस फैसले को सभी वरिष्ठ नेताओं और कमांडरों का समर्थन मिला है। रहमान गुल इससे पहले वरिष्ठ कमांड परिषद के सदस्य और मजीद ब्रिगेड के कमांडर थे। BLA ने कहा कि नए नेतृत्व में उसकी तथाकथित आजादी की लड़ाई नए जोश और पूरी ताकत के साथ जारी रहेगी।
यह भी पढ़ें: जिन मिफाम के लिए इंसाफ मांग रहे सोनम वांगचुक, उन्हें पुलिस क्यों तलाश रही है?
रहमान गुल यहां तक कैसे पहुंचे?
रहमान गुल का जन्म 14 अगस्त 1984 को पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के नौशकी में हुआ था। उन्होंने शुरुआती पढ़ाई नौशकी के ही गवर्नमेंट बॉयज मॉडल हाई स्कूल से की। इसके बाद वह आगे की पढ़ाई के लिए क्वेटा गए। उन्होंने पेशावर विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ आर्ट्स की डिग्री ली। जेम्सटाउन फाउंडेशन की रिपोर्ट के मुताबिक, रहमान गुल 2002 में पाकिस्तानी सेना में भर्ती हुए थे। वह करीब 8 साल तक 19 फ्रंटियर फोर्स रेजिमेंट में तैनात रहे। इस दौरान उन्होंने पाकिस्तान मिलिट्री एकेडमी, काकुल में दो साल का प्रशिक्षण भी लिया।
