देश-विदेश में आज दिवाली की धूम है। दिवाली के खास मौके पर दुनिया के कई देशों के नेताओं और राजनयिकों ने दिवाली की शुभकामनाएं दी हैं। इसमें अमेरिका, ईरान, श्रीलंका से लेकर पाकिस्तान तक के नेताओं का नाम शामिल है। किसी ने दिवाली को शांति और खुशहाली का प्रतीक बताया, तो किसी ने उम्मीद, प्रेम और बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया। अमेरिका की हिंदू-अमेरिकी नेता और पूर्व डायरेक्टर ऑफ नेशनल इंटेलिजेंस तुलसी गबार्ड ने भी दिवाली पर शुभकामनाएं दीं।

 

तुलसी गबार्ड ने अपने संदेश में कहा कि ईश्वर का प्रेम जीवन से अंधकार दूर कर सकता है और उसे रोशनी, शांति और खुशियों से भर सकता है। इसके अलावा, दुनिया भर के नेताओं ने सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से अपने संदेश साझा किए। किस देश के किस नेता ने दिवाली पर क्या कहा और उनकी शुभकामनाओं में क्या खास रहा।  

 

यह भी पढ़ें: दिवाली से पहले दिल्ली की हवा 10 साल में सबसे खराब, AQI 369 पर पहुंचा

इजराइल दूतावास ने मजेदार अंदाज में दी दिवाली की बधाई

भारत में इजराइल दूतावास ने दिवाली की शुभकामनाओं को एक मजेदार 'चाइनीज़ व्हिस्पर' (कानों-कान बात पहुंचाने वाले) खेल में बदल दिया। इसमें एक पारंपरिक शुभकामना संदेश एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति तक पहुंचते-पहुंचते इतना बदल गया कि सुनकर हंसी आ जाए। दूतावास ने अपने आधिकारिक X (ट्विटर) अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें भारतीय और इजरायली राजनयिक इस खेल में हिस्सा लेते दिखे। अंत में, उन्होंने सभी को दिवाली की शुभकामनाएं दीं।

तुलसी गबार्ड ने दी दिवाली की बधाई

हिंदू-अमेरिकी राजनेता और अमेरिकी नेशनल इंटेलिजेंस की पूर्व निदेशक तुलसी गबार्ड ने भी शुभकामनाएं दीं और शांति व खुशी का संदेश दिया। उन्होंने कहा, 'दीवाली मना रहे सभी लोगों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं! इस खास दिन, और हमेशा, हमें यह याद रखना चाहिए कि ईश्वर के प्रेम में इतना सामर्थ्य है कि वह सारे अंधेरे को दूर कर सकता है और हमारे जीवन को प्रकाश, शांति और खुशियों से भर सकता है।' 

 
 
इससे पहले, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी शुक्रवार को व्हाइट हाउस में दिवाली के जश्न में शामिल हुए और दीया जलाने के कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उनके साथ अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा, FBI निदेशक काश पटेल, मशहूर शेफ विकास खन्ना, उद्यमी विशाल गोंडल, IBM के CEO अरविंद कृष्णा और US नेशनल इंस्टीट्यूट्स ऑफ हेल्थ के निदेशक जय भट्टाचार्य भी मौजूद थे।

श्रीलंका के राष्ट्रपति ने दी बधाई

श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने दिवाली को हिंदू समुदाय के सबसे पवित्र त्योहारों में से एक बताया। यह त्योहार अंधकार पर प्रकाश और अज्ञानता पर ज्ञान की जीत का प्रतीक है।

राजनयिकों ने दी बधाई

इस बीच, कई देशों के राजदूतों ने भी इस अवसर पर शुभकामनाएं दीं। भारत में ईरान के राजदूत डॉ. मोहम्मद फथाली ने कहा कि 'अंधेरे पर प्रकाश की जीत' का संदेश भारत और ईरान, दोनों की प्राचीन परंपराओं में गहराई से रचा-बसा है। उन्होंने अमेरिका के खिलाफ युद्ध में इस्लामिक गणराज्य (ईरान) के 'दृढ़ संकल्प' का भी जिक्र किया।

उन्होंने आगे कहा, 'भारत और ईरान के बीच दोस्ती का एक लंबा इतिहास रहा है और दोनों के बीच गहरे सांस्कृतिक और सभ्यतागत संबंध हैं। इस खुशी के मौके पर, मैं भारत सरकार और यहां के महान लोगों को हार्दिक बधाई देता हूं।' 

 

वहीं, भारत में दक्षिण कोरियाई दूतावास ने दिवाली का त्योहार मनाने के लिए दीया सजाने की एक विशेष कार्यशाला (वर्कशॉप) आयोजित की। भारत में यूरोपीय संघ (EU) के राजदूत, जीन-एरिक पैकेट ने भारत में अपनी पहली दिवाली मनाई और इसे एक बेहद खूबसूरत अनुभव बताया, जिसे हमेशा याद रखा जाएगा!

 

इसके अलावा, शनिवार को जर्मन दूतावास में आयोजित दिवाली समारोह के दौरान, भारत और भूटान में जर्मनी के राजदूत जैस्पर विक ने कहा, सभी को दिवाली की शुभकामनाएं। आज रात आप लोग, यानी हमारे भारतीय सहयोगी, जो कर रहे हैं, वह वाकई अद्भुत है। आप अपनी परंपराओं, अपने उत्सवों और अपने त्योहार को हम सभी के साथ साझा करते हैं। हम बहुत खुश हैं और आपके आभारी हैं। इस उत्सव के जरिए आप पूरे दूतावास की टीम को एक साथ लाते हैं।'

हिंदू समुदाय को पाक प्रधानमंत्री ने दी बधाई

वहीं, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने दिवाली के अवसर पर पाकिस्तान और दुनिया भर के हिंदू समुदाय को बधाई दी। उन्होंने अलग-अलग धर्मों के बीच सद्भाव और सहनशीलता बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान में हिंदू समुदाय देश का एक महत्वपूर्ण और अभिन्न हिस्सा है।

पाकिस्तान के PM ने 'X' पर लिखा, 'दिवाली नफरत, असहिष्णुता और निराशा के अंधेरे पर प्रकाश की जीत का प्रतीक है। रोशनी का यह त्योहार मानवीय संबंधों और सामाजिक जीवन में शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व को बढ़ावा देने का एक गहरा संदेश देता है। एक उज्ज्वल, समृद्ध और आशापूर्ण भविष्य में अटूट विश्वास रखना दिवाली की सबसे खास विशेषताओं में से एक है।

UAE के उपराष्ट्रपति ने दी बधाई

दीवाली पर अपनी हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के उपराष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने कहा, 'प्रकाश का यह त्योहार आपके जीवन में शांति, उम्मीद और अच्छाई लेकर आए, और आपके दिन सुरक्षा, खुशियों और समृद्धि से भरे रहें। दीवाली की शुभकामनाएं!'