नवरात्रि का आगाज हो गया है। भक्त 9 दिनों तक मां दुर्गा की पूजा अर्चना करते हैं। कुछ लोग 9 दिनों तक फलाहार करते हैं। कई ऐसे लोग होते हैं जिन्हें  बीपी और शुगर की बीमारी होती है। इन लोगों को व्रत रखते समय अपनी सेहत का ख्याल ध्यान रखना चाहिए। अगर आप 9 दिनों तक व्रत रखने का प्लान बना रहे हैं तो कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखें। इस बारे में हमने डाइटिशियन और न्यूट्रीप्लस की डायरेक्टर डॉक्टर अंजलि फाटक से बात की।

 

डाइटिशियन अंजलि फाटक ने बताया कि व्रत की वजह से कई लोग लंबे समय तक भूखे रहते हैं। कुछ ऐसे भी होते हैं तो जो व्रत रखने की वजह से अपनी दवाओं के लेने के टाइमिंग में भी बदलाव करते हैं। इस वजह से शुगर के लेवल में बदलाव आता है। इस दौरान लोग योग और एक्सरसाइज करते हैं और फिर गरबा भी कर लेते हैं। इसके अलावा पर्याप्त मात्रा में पानी भी नहीं पीते हैं। इन सभी कारणों से सेहत पर प्रभाव पड़ता है।

 

यह भी पढ़ें: त्योहारों के लिए स्किनकेयर रूटीन: शारदीय नवरात्रि में कैसे पाएं ग्लोइंग स्किन?

शुगर कंट्रोल करने के लिए क्या करें?

अंजलि फाटक ने बताया, 'कुछ लोग फास्टिंग भी करते हैं और फिर दवाई भी ले लेते हैं। ऐसे में हाइपरग्लेसेमिया की स्थिति बन जाती है। कुछ ऐसे लोग होते हैं जो पूरे दिन भूखे रहते हैं और शाम के एकदम से बहुत सारा खाना खा लेते हैं जिसमें शुगर और कार्बोहाइड्रेट की मात्रा ज्यादा होती है। ये दोनों चीजें शरीर में एकदम से शुगर की मात्रा को बढ़ा देती है। शरीर में शुगर की मात्रा को बैलेंस करने के लिए पूरा दिन भूखा रहना की गलती न करें। आप थोड़ी थोड़ी देर पर पानी पीते रहे, मौसमी फल खाएं, नींबू पानी, छाछ पिएं। इन चीजों को पीने से शरीर हाइड्रेटेड रहता है। साथ ही शुगर भी नियंत्रित रहता है।

क्या खाना चाहिए?

डायबिटीक मरीज को अपनी डाइट में प्रोटीन और फाइबर की मात्रा ज्यादा रखनी चाहिए। थोड़े खट्टे फल खाएं, दही, छाछ,नट्स,साबुत अनाज खाएं। साबुत अनाज में कुट्टू के आटे का चीला, इडली खा सकते हैं। तली-भूनी चीजों को खाने से परहेज करें। लौकी और कद्दू की सब्जी, सामक चावल खाएं। ये आपके पेट के लिए भी अच्छा होता है। इसके अलावा आप लौकी का रायता खा सकते हैं। इससे आपका पेट लंबे समय तक भर रहता है और शुगर भी कंट्रोल रहता है।

 

यह भी पढ़ें: क्या दिल में ब्लॉकेज होने का मतलब हार्ट अटैक होता है? डॉक्टर से समझिए

 

बीपी के मरीज को इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि ज्यादा तली भूनी चीजें नहीं खाना है। चिप्स वैगरह खाने से परहेज करें। प्रोसेस्ड चीजों को न खाएं क्योंकि इनमें प्रिजर्वेटिव्स शामिल होते हैं। आप मखाना खाएं, खजूर के लड्डू, अनार का दान, सेब, हरा सेब, मौसमी फल खाएं, धनियां की चटनी, सालाद, बिना चीनी वाली स्मूदी, मखाने की खीर आदि ये सब खा सकते हैं। इन चीजों को खाने से शरीर में एनर्जी बनी रहती है। समय समय पर दवा जरूर लें। रोजाना योग और एक्सरसाइज करें।

 

शाम के समय में व्रत खोलते समय नियमित मात्रा में खाना खाएं। एकदम से बहुत ज्यादा खाना खाने से एसिडिटी और कब्ज की समस्या हो सकती है। साबूदाने वाली चीजों को कम खाएं।