आस्था के महापर्व की शुरुआत आज नहाय खाय से शुरू हो गया है। इस पर्व 4 दिनों का होता है। नहाय खाय के दिन व्रती महिलाएं स्नान करती हैं। इसके बाद अरवा चावल और लौकी की सब्जी बनाई जाती है। इसके अगले दिन खरना होता है। खरना के बाद से व्रत करने वाली महिलाएं निर्जला उपवास करती हैं। यह व्रत लगभग 36 घंटे का होता है।
इस व्रत को रखने से पहले आप आखिरी घंटों में क्या खाती हैं। ये अगले 36 घंटे की उर्जा तो करता है। अगर आप खानपान पर ध्यान नहीं देंगे तो अगले दिन चक्कर आना, कमजोरी और एसिडिटी की समस्या हो सकती है। इस बारे में हमने डाइटिशियन और न्यूट्रीप्लस की डायरेक्टर अंजिल फाटक से बात की है।
यह भी पढ़ें: Ozempic लेने वालों को Eye Stroke का खतरा? जानिए क्या है यह बीमारी
व्रत शुरू होने से पहले इन चीजों का रखें ध्यान
शरीर को हाइड्रेटेड रखें- शरीर में पानी की मात्रा को कम न होने दें। आप थोड़ी थोड़ी देर में नारियल पानी, नींबू पानी आदि चीजें पिएं। इन चीजों को पीने से शरीर में इलेक्ट्रोलाइटिस का संतुलन बना रहता है। इसके अलावा ऐसी चीजें खाएं जिन्हें पचने में समय लगता है और लंबे समय तक एनर्जी बनी रहती है। जैसे सिंघाड़े के आटे का चीला, मखाने, पनीर, या उबला हुआ आलू।
तली-भूनी चीजों से परहेज करें- पूरी, कचौड़ी या ज्यादा मीठा खाने से तुरंत प्यास ज्यादा लगेगी और एसिडिटी या ब्लोटिंग की समस्या हो सकती है।
व्रत से पहले ये चीजें खा सकते हैं?
मखाने और मखाने की खीर
मखाना पचने में बहुत हल्का होता है और पेट को भारी किए बिना भूख को शांत कर देता है।
सामग्री: 1 कप मखाना, 1 छोटा चम्मच शुद्ध घी, 1.5 गिलास दूध, थोड़े से काजू-बादाम, और स्वादानुसार धागा मिश्री या खजूर का पेस्ट।
बनाने का तरीका: एक पैन में घी गर्म करके मखानों को कुरकुरा भून लें। थोड़े से मखाने अलग रख लें और बाकी को हल्का क्रश कर लें। अब दूध उबालें, उसमें मखाने और मेवे डालकर गाढ़ा होने तक पकाएं।
फायदा: यह पेट को ठंडक देता है और व्रत के दौरान एसिडिटी या सीने में जलन से बचाता है।
सिंघाड़े या कुट्टू के आटे का चीला
यह कॉम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट का बेहतरीन स्रोत है, जो धीरे-धीरे पचता है और ब्लड शुगर को स्थिर रखता है।
सामग्री: 3-4 चम्मच सिंघाड़े का आटा या कुट्टू का आटा, बारीक कटा हुआ आधा खीरा या कद्दूकस की हुई लौकी (पानी निचोड़ कर), सेंधा नमक, काली मिर्च पाउडर, और सेकने के लिए थोड़ा सा घी।
बनाने का तरीका: आटे में पानी या छाछ मिलाकर घोल बना लें। उसमें कद्दूकस की गई सब्जियां और मसाले मिलाएं। तवे पर थोड़ा घी लगाकर दोनों तरफ से सुनहरा सेंक लें।
फायदा: खीरा या लौकी मिलाने से शरीर में पानी की कमी नहीं होती और फाइबर मिलने से पेट लंबे समय तक भरा रहता है।
निर्जला व्रत के दौरान शारीरिक श्रम कम करें। आप मन को इस दौरान शांत रखें।
यह भी पढ़ें: हार्ट फेलियर के मरीजों की जिंदगी बेहतर बना सकता है योग, स्टडी में खुलासा
पारण करने का तरीका
36 घंटे के व्रत के बाद अपने व्रत को पानी के साथ खोलें। आप नारियल पानी पी सकते हैं। एकदम से चाय-कॉफी पीने से बचें। इसके बाद फल (पपीता, तरबूज, अनार) खाएं। इन चीजों को खाने से तुरंत एनर्जी मिलेगी। व्रत टूटने के कम से कम 1-2 घंटे बाद ही खिचड़ी, दलिया या सूप जैसी चीजें खाएं। पहले दिन मसालेदार भोजन से बिल्कुल दूर रहें।
अगर आपको ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, थायराइड या एसिडिटी जैसी कोई स्वास्थ्य समस्या है, या आप गर्भवती हैं, तो डॉक्टर या न्यूट्रिशनिस्ट की सलाह के बिना निर्जला व्रत रखने से बचें। सेहत पहले है, व्रत आपकी शारीरिक क्षमता के अनुसार ही होना चाहिए।
