अभिनेत्री और सामाजिक कार्यकर्ता शबाना आजमी को स्वाइन फ्लू हो गया है। डॉक्टरों ने उन्हें पूरा बेड रेस्ट लेने की सलाह दी है। शबना आजमी का टीम ने बताया कि अभिनेत्री को 102 डिग्री बुखार है। टीम की ओर से जारी बयान में शनिवार को कहा गया, 'शबना आज प्रदर्शन में जाने वाली थीं, लेकिन उन्हें स्वाइन फ्लू हो गया है और 102 डिग्री बुखार है। डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है।'

शबाना दिल्ली के जंतर मंतर पर चल रहे 'संसद चलो' प्रदर्शन में सक्रिय रूप से शामिल थीं। उन्होंने वहां कई फोटो और वीडियो शेयर किए और प्रदर्शनकारियों का साथ दिया। एक पोस्ट में उन्होंने अपने पिता कैफी आजमी की पंक्तियां लिखीं थीं, 'अलान-ए-हक़ में ख़तरा-ए-दार-ओ-रसन तो है लेकिन सवाल ये है कि दार-ओ-रसन के बाद?'

दूसरे पोस्ट में शबना ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग की। उन्होंने लिखा कि देश की सफलता को मापने के लिए जीडीपी का 6 प्रतिशत शिक्षा, सार्वजनिक स्वास्थ्य और महिलाओं के सशक्तिकरण पर खर्च किया जाना चाहिए। प्रदर्शन स्थल पर शबना की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें इमरजेंसी मेडिकल सेंटर भी ले जाना पड़ा था। इसके बावजूद वे लगातार मुद्दे के समर्थन में खड़ी रहीं। आइए जानते हैं क्या है यह बीमारी, क्यों इससे सतर्क रहने की जरूरत है-

स्वाइन फ्लू (H1N1) क्या है?

स्वाइन फ्लू यानी H1N1 एक इन्फ्लूएंजा वायरस है जो सांस की बीमारी फैलाता है। इसे स्वाइन फ्लू इसलिए कहा जाता है क्योंकि यह सूअरों में होने वाले फ्लू वायरस से मिलता-जुलता है। यह इंसानों में भी तेजी से फैल सकता है।

लक्षण क्या हैं?

स्वाइन फ्लू के लक्षण सामान्य फ्लू जैसे ही होते हैं। संक्रमण होने के 3 से 5 दिन बाद लक्षण दिख सकते हैं। इनमें बुखार, ठंड लगना, खांसी, गला खराब होना, बदन दर्द, सिरदर्द और थकान शामिल हैं। बच्चों और शिशुओं में लक्षण अलग भी हो सकते हैं। अगर बच्चे को सांस लेने में तकलीफ, उलझन, ज्यादा बुखार के साथ रैशेज या कम पानी पीना हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।

कैसे फैलता है यह वायरस?

यह वायरस एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में बहुत आसानी से फैलता है। खांसने या छींकने से निकलने वाली छोटी बूंदों से यह हवा में फैलता है। संक्रमित सतह को छूने के बाद मुंह, नाक या आंखों को छूने से भी संक्रमण हो सकता है।

बचाव कैसे करें?

  • खांसते या छींकते समय मुंह और नाक को टिश्यू या कोहनी से ढकें  
  • हाथों को साबुन से अच्छी तरह धोएं 
  • बीमार लोगों से दूरी बनाकर रखें  
  • आंख, नाक या मुंह को अनावश्यक न छुएं  
  • बीमार होने पर घर पर रहें और व्यक्तिगत सामान साझा न करें

फ्लू का सही इलाज क्या है?

वफ्लू का टीका लगवाना H1N1 समेत कई फ्लू वायरस से बचाव का सबसे सुरक्षित और प्रभावी तरीका है। अगर आपको फ्लू जैसे लक्षण दिखें तो डॉक्टर से संपर्क करें। ज्यादातर लोग 8 दिनों में ठीक हो जाते हैं, लेकिन यह जानलेवा भी हो सकता है।