मसाले बहुत तेजी से खराब होते हैं। अब बिना मसालों के तो रसोई में स्वाद आ नहीं सकता। उनके रख-रखाव का खास ख्याल भी रखना पड़ता है। बरसात और नमी के मौसम में हल्दी, धनिया, लाल मिर्च, जीरा और गरम मसाला जैसे मसालों में कीड़े लगने की समस्या बढ़ जाती है। ऐसे में कुछ आसान घरेलू उपाय अपनाकर मसालों को लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है। यह घरेलू उपाय बरसात के मौसम के अलावा हर मौसम में काम आते हैं। 

 

मसालों को सुरक्षित रखने के लिए महंगे प्रोडक्ट्स की जरूरत नहीं होती। एयरटाइट डिब्बे, तेजपत्ता, लौंग और समय-समय पर धूप दिखाने जैसे आसान घरेलू उपाय अपनाकर मसालों को लंबे समय तक कीड़ों और नमी से बचाया जा सकता है। चलिए जानते हैं इन उपायों के बारे में।

 

यह भी पढ़ें: स्मॉल, मीडियम, लार्ज साइज आने से पहले कैसे कपड़े खरीदते थे लोग? पढ़िए इतिहास

1. एयरटाइट डिब्बों में रखें मसाले

मसालों को हमेशा अच्छी गुणवत्ता वाले एयरटाइट कंटेनरों में स्टोर करें। इससे हवा और नमी अंदर नहीं पहुंचती, जिससे कीड़े लगने की संभावना कम हो जाती है।

2. तेजपत्ता का करें इस्तेमाल

मसालों के डिब्बों में 2-3 तेजपत्ते डाल दें। इसकी खुशबू कई प्रकार के कीड़ों को दूर रखने में मदद करती है।

3. सूखी लाल मिर्च रखें

मसाले के डिब्बे में 1-2 सूखी लाल मिर्च रखने से भी कीड़े दूर रहते हैं। यह एक पुराना और कारगर घरेलू नुस्खा माना जाता है।

4. धूप दिखाना है फायदेमंद

हर 15 से 20 दिन में मसालों को हल्की धूप दिखा दें। इससे उनमें मौजूद नमी निकल जाती है और कीड़े होने का खतरा कम हो जाता है।

5. नमी से बचाएं

मसाले निकालते समय हमेशा सूखे चम्मच का इस्तेमाल करें। गीला चम्मच मसालों में नमी बढ़ा सकता है, जिससे फफूंदी और कीड़े लग सकते हैं।

6. लौंग का करें उपयोग

लौंग की तेज खुशबू कीड़ों को दूर रखने में मदद करती है। मसालों के कंटेनर में 3-4 लौंग डालने से मसाले लंबे समय तक सुरक्षित रह सकते हैं।

7. कम मात्रा में खरीदें

जरूरत से ज्यादा मसाले खरीदकर लंबे समय तक स्टोर करने के बजाय कम मात्रा में खरीदना बेहतर होता है। इससे मसाले ताजा भी रहते हैं और खराब होने का खतरा भी कम रहता है।

8. फ्रिज में स्टोर करें

ठंडी जगह पर मसाले लंबे समय तक चल जाते हैं। इसलिए जिन मसालों को आप कम इस्तेमाल करते हैं उन्हें किसी एयर टाइट कंटेनर में पैक करके रख दें। इससे सालों तक मसालों में कोई कीड़ा नहीं लगेगा और आपके मसाले एकदम फ्रेश रहेंगे।