देशभर में मौसम अब करवट बदल रहा है। ज्यादातर हिस्से में ठंड कम हो गई है और दिन के समय गर्मी का ऐहसास होना शुरू हो गया है। ठंड के बाद अब बारिश का दौर शुरू होने वाला है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 17 फरवरी यानी आज देश के 10 राज्यों में बारिश की पूरी संभावना है। इस बारिश की वजह से लोगों को यात्रा के दौरान परेशानी हो सकती है। पहाड़ों पर हल्की बारिश और बर्फबारी जारी रह सकती है और यूपी-हरियाणा के कुछ जिलों में कोहरा भी लोगों को परेशान कर सकता है। 

 

इस साल फरवरी में ही मार्च जैसी गर्मी पड़ने लगी है। तापमान में लगातार बढ़ोत्तरी के बीच मौसम विभाग ने 17 और 18 फरवरी को 10 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।  मौसम विभाग के अननुार, आज से 19 फरवरी तक 10 राज्यों में बारिश की संभावना है। जिन राज्यों में बारिश की संभावना है, उनमें यूपी, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, मध्य प्रदेश, राजस्थान, अंडमान निकोबार द्वीप समूह और तमिलनाडु शामिल हैं। 

 

यह भी पढ़ें: 10 साल में जजों के खिलाफ हजारों शिकायतें, इनका निपटारा कैसे होता है? जानें

17 फरवरी का मौसम

पश्चिमी विक्षोभ का असर

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ का असर मौसम पर देखने को मिलेगा। पहाड़ी राज्यों में इसके कारण मध्यम बारिश और बर्फबारी देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में आज से 19 फरवरी तक बर्फबारी होगी। हिमाचल और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में भी बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही मैदानी इलाकों में बारिश होने का पूर्वानुमान है। 

यूपी के इन जिलों में बारिश 

मौसम विभाग के अनुसार, आज और कल पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। आगरा, मथुरा, झांसी, ललितपुर, जालौन, हमीरपुर, महोबा, बांदा, इटावा, औरैया, फिरोजाबाद और हाथरस में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, भारी बारिश की कोई चेतावनी नहीं है। इसके साथ ही आसमान में बादल छाए रहेंगे, जिससे धूप का असर कम होगा। 

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली-एनसीआर में भी आज रात से मौसम करवट बदल सकता है। कल दिल्ली एनसीआर में हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और ठंडी हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। आज पूरा दिन बादल छाए रहेंगे। इसके साथ ही सुबह के समय कोहरे से लोगों को परेशानी हो सकती है। हवा की क्वालिटी अभी भी खराब बनी हुई है। 

 

दिल्ली के साथ-साथ हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में भी मौसम करवट ले सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, 17-18 फरवरी को  गरज चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया है। यह अलर्ट राजस्थान में भी जारी किया गया है और किसानों को इस अलर्ट से परेशानी होने की संभावना है। 

 

यह भी पढ़ें: जम्मू कश्मीर में खुलेंगे 14 और टूरिस्ट स्पॉट, आदेश जारी, देख लें पूरी लिस्ट

राजस्थान- मध्य प्रदेश में बारिश 

राजस्थान में आज दोपहर बाद मौसम करवट बदल सकता है। दोपहर बाद बादल छाने की संभावना है, जिसके बाद कुछ जगहों पर बूंदाबांदी शुरू हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान के हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, बीकानेर और चूरू में 17 और 18 फरवरी को बारिश की संभावना है। वहीं, मध्य प्रदेश में भी आज और कल बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, सिवनी, कटनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट और होशंगाबाद जिले में बारिश की संभावना है। 

पहाड़ी राज्यों का हाल

हिमाचल प्रदेश में भी आज और कल बारिश और बर्फबारी की संभावना है।  हिमाचल के शिमला, मंडी, कांगड़ा, सिरमौर, सोलन, ऊना, हमीरपुर और कुल्लू जिले में 17 और 18 फरवरी को बारिश की संभावना है। जम्मू-कश्मीर में भी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, जम्मू, कुलगाम, कुपवाड़ा, बारामूला, बांदीपोरा और अनंतनाग में बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा उत्तराखंड में भी बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रह सकता है। उत्तराखंड के चमोली, रुद्र प्रयाग, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत और उधमसिंह नगर जिले में 17 और 18 फरवरी को बारिश की संभावना है।