अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में से सबसे ज्यादा चर्चा उत्तराखंड और पंजाब की हो रही है। एक तरफ आम आदमी पार्टी (AAP) के सामने वजूद बचाने की चुनौती है। दूसरी तरफ, समाजवादी पार्टी की नजरें सत्ता में वापसी पर हैं। सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन के तहत सीटों के बंटवारे पर चर्चा जारी है। वहीं, पंजाब में अब अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के गठबंधन ने चुनाव को त्रिकोणीय बनाने की कोशिश की है। इस बीच आए एक सर्वे ने AAP को राहत की सांस दी है। इसी सर्वे ने उत्तर प्रदेश की जो रिपोर्ट है उसके मुताबिक, सपा-कांग्रेस को थोड़ा सा जोर और लगाना है और सत्ताधारी बीजेपी को सरकार बचाने के लिए बहुत मेहनत करनी है।

 

उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ तो पंजाब में भगवंत मान अभी भी मुख्यमंत्री पद के दावेदारों में सबसे आगे माने जा रहे हैं। वहीं, चार बार उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री रहीं मायावती और उनकी बहुजन समाज पार्टी (BSP) की स्थिति में कोई सुधार होता नहीं दिख रहा है। यह सर्वे बता रहा है कि अकाली दल और बीजेपी का गठबंधन AAP का नुकसान तो करेगा लेकिन उसे फिर से सत्ता में आने से रोक नहीं पाएगा। यह सर्वे SCORE इंटेलिजेंस ने किया है। इसमें उत्तर प्रदेश के लिए 23 नवंबर और पंजाब के लिए 25 नवंबर तक का डेटा शामिल किया गया है।

UP में किसकी सरकार बनेगी?

UP में इस बार सत्ताधारी बीजेपी गठबंधन का मुकाबला कांग्रेस और सपा के गठबंधन के साथ होना है। अभी तक तो बहुजन समाज पार्टी अकेले चुनाव लड़ रही है। असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने भी गठबंधन बनाया है। SCORE ने उत्तर प्रदेश के लिए अपना पहला सर्वे किया है। 15 अक्टूबर से 23 नवंबर के बीच 91,429 लोगों से बातचीत के आधार पर इस सर्वे का कहना है कि बीजेपी को 36.69 प्रतिशत, समाजवादी पार्टी को 36.98 प्रतिशत और बसपा को 11.45 प्रतिशत वोट मिलने के आसार हैं। यानी वोट संख्या के मामले में सपा सबसे आगे हो सकती है।

 

यह भी पढ़ें: 'पहले आने तो दो, हो सकता है बिल अच्छा हो', डीलिमिटेशन पर सुप्रिया सुले का बयान

 

हालांकि, अप्रूवल रेटिंग में योगी आदित्यनाथ को 100 में से 69.6 और अखिलेश यादव को 68.3 अंक मिले हैं। यानी अखिलेश यादव मौजूदा सीएम योगी से बहुत कम अंतर से ही पीछे हैं। मायावती इस रेस में काफी पीछे हैं।

 

अगर गठबंधन की बात करें तो बीजेपी के गठबंधन को कुल 41.66%, सपा-कांग्रेस गठबंधन को 39.31 प्रतिशत, बसपा को 11.82 प्रतिशत और ASP+AIMIM गठबंधन को 2.54 प्रतिशत वोट मिल सकता है। इसी को सीटों के हिसाब से देखें तो सपा-कांग्रेस गठबंधन को 174 से 219 सीट तो NDA को 181 से 226 सीटें मिलने का आसार है। बसपा फिर से 2 सीटों पर सिमट सकती है। वहीं, राजा भैया की पार्टी जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) एक बार फिर से दोनों सीटें जीत सकती है।     

 

यह भी पढ़ें: 6 साल बाद BJP के साथ आया अकाली दल, इन 5 मुद्दों पर जवाब देना हो जाएगा मुश्किल

पंजाब में क्या हो सकता है?

SCORE के सर्वे का यह दूसरा चरण है। यह दिखाता है कि AAP के वोट प्रतिशत में कमी आने की उम्मीद है। 2022 में AAP को 42.01 प्रतिशत वोट मिले थे। SCORE ने 15 अक्तूबर तक के अपने सर्वे में बताया था कि AAP को 38 प्रतिशत वोट मिलने के आसार हैं। 15 नवंबर को इस वोट प्रतिशत में 3 प्रतिशत की कमी आई है। इस सर्वे के मुताबिक, कांग्रेस के वोट में 2022 की तुलना में मामूली इजाफा होगा और वह 23.50 प्रतिशत वोट हासिल कर सकती है। वहीं, 2022 में 18.38 प्रतिशत वोट पाने वाले अकाली दल को इस बार 14.50 प्रतिशत वोट मिलने के आसार हैं। हालांकि, अक्तूबर की तुलना में नवंबर में यह दिखाया गया है कि अकाली दल के वोट प्रतिशत में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। 

 

वहीं, 2022 में अकेले चुनाव लड़कर 6.6 प्रतिशत वोट पाने वाली बीजेपी को 14 प्रतिशत वोट मिलने की उम्मीद जताई गई है। यह सर्वे 15 नवंबर तक का है तो इसमें अकाली दल और बीजेपी के गठबंधन के हिसाब से सीटें नहीं तय की गई हैं। हालांकि, बाद में एक सेक्शन अलग से जोड़कर बताया गया है कि इस गठबंधन को 24 से 39 सीटें मिल सकती हैं।

 

यह भी पढ़ें: UP में BJP के 'सिंबल हमारा, प्रत्याशी तुम्हारा' फॉर्मूले पर भी राजी नहीं सहयोगी

 

सीटों की संख्या की बात करें तो इस सर्वे के मुताबिक, AAP को 66 से 79 सीटें मिल सकती हैं। यानी वह एक बार फिर से बहुमत की सरकार बनना सकती है क्योंकि 117 विधानसभा सीटों वाले पंजाब में बहुमत के लिए 59 सीटों की जरूरत है। कांग्रेस को 12 से 29 सीटें मिलने के आसार हैं। अकाली दल को 5 से 9, बीजेपी को 4 से 12 और अन्य को 3 सीटें मिल सकती हैं।