आम आदमी पार्टी (AAP) ने चुनाव आयोग को साल 2025-26 में मिले दान (कंट्रीब्यूशन रिपोर्ट) का ब्यौरा दिया है। पार्टी का दावा है कि वित्त वर्ष 2025-26 में 12.10 करोड़ रुपये का चंदा मिला है। पिछले साल 2024-25 में पार्टी को 38.10 करोड़ रुपये का डोनेशन मिला था। इस हिसाब से इस बार चंदे में 68 फीसदी की गिरावट आई है। यह फरवरी 2025 में दिल्ली की सत्ता गंवाने के बाद पार्टी का पहला पूरा वित्त वर्ष है।

रिपोर्ट के मुताबिक प्रूडेंट इलेक्टोरल ट्रस्ट और ट्राइडेंट लिमिटेड पार्टी के सबसे बड़े दानदाता रहे। दोनों ने 5-5 करोड़ रुपये दिए। कुल घोषित चंदे में इन दोनों का हिस्सा करीब 83 फीसदी है। करीब 1,202 अलग-अलग जगहों से पार्टी को चंदा मिला है।

यह भी पढ़ें: 6 अनजान पार्टियों को मिला 1700 करोड़ का चंदा, उम्मीदवार सिर्फ 15 उतारे

आशुतोष रांका ने कितना चंदा दिया है?

AAP के पूर्व प्रवक्ता और अब कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सह-संयोजक आशुतोष रांका का नाम भी सूची में है। उन्होंने CJP में भूमिका संभालने से पहले 2025-26 में AAP को 21,100 रुपये दिए थे। पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने 10-10 हजार रुपये के तीन योगदान दिए। इस तरह उन्होंने इस वित्त वर्ष में कुल 30,000 रुपये दिए।

किसने सबसे ज्यादा दिया चंदा?

ट्राइडेंट लिमिटेड की स्थापना AAP के पूर्व राज्यसभा सांसद राजिंदर गुप्ता ने की थी। कंपनी का 5 करोड़ रुपये का चेक 9 जनवरी 2026 की तारीख का है। उस समय गुप्ता AAP से जुड़े थे। वह इस साल अप्रैल में BJP में शामिल हो गए। ट्राइडेंट पंजाब की कंपनी है, जहां AAP की सरकार है।प्रूडेंट इलेक्टोरल ट्रस्ट 2024-25 में भी पार्टी का सबसे बड़ा दानदाता था। इस ट्रस्ट ने कुल 16.40 करोड़ रुपये दिए थे। इससे पहले 2023-24 में AAP ने 11.06 करोड़ रुपये का डोनेशन दिया था।

यह भी पढ़ें: मंत्री ही बने पंजाब में AAP की मुसीबत, 4.5 साल में कितनों को हटाना पड़ा?

दूसरे दलों को क्या मिला?

TDP ने 2025-26 में 58.25 करोड़ रुपये डोनेशन के तौर पर मिलने की बात मानी है। बीते साल यह आंकड़ा 83.03 करोड़ रुपये था। YSR कांग्रेस पार्टी ने 24.31 करोड़ रुपये बताए हैं, जबकि 2024-25 में उसका चंदा करीब 140.04 करोड़ रुपये था। BJD ने अपनी ताजा रिपोर्ट में 20,000 रुपये से ऊपर का कोई चंदा नहीं बताया।