पंजाब के खडूर साहिब से सांसद और 'वारिस पंजाब दे' संगठन के प्रमुख अमृतपाल सिंह को एक दिन की पेरोल मिल गई है। वह लंबे समय से पेरोल के लिए याचिका लगा रहे थे लेकिन उनकी याचिका खारिज की जा रही थी परंतु अब उनकी दादी के अंतिम अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए उन्हें यह बड़ी कानूनी राहत मिली है। अमृतसर की स्थानीय अदालत ने 13 नवंबर को उन्हें एक दिन की अंतरिम जमानत देने का आदेश दिया।
अमृतपाल सिंह की दादी चरण कौर का 8 नवंबर को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। इसके बाद परिवार ने अमृतपाल को अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति देने के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। अमृतसर की कोर्ट ने अमृतपाल सिंह के साथ उनके चाचा हरजीत सिंह को तीन दिन और परिवार के एक अन्य सदस्य सुखमन सिंह को दो दिन की अंतरिम जमानत दी है। अमृतपाल के वकील करमवीर सिंह ने मीडिया को बताया कि अदालत ने परिवार के सदस्यों को अलग-अलग अवधि के लिए राहत दी है। यह फैसला परिवार की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई के बाद आया है।
यह भी पढ़ें: दोस्तों से मिला और फिर कमरे से नहीं आया बाहर, IIT रुड़की के छात्र ने किया सुसाइड
14 नवंबर को अंतिम संस्कार
परिवार की ओर से दादी चरण कौर का अंतिम संस्कार 14 नवंबर को किए जाने की योजना बनाई गई थी। अमृतपाल सिंह फिलहाल असम की डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल में बंद हैं। ऐसे में उन्हें इतने कम समय में एक दिन के लिए पंजाबा लाना संभव नहीं है। । उनके वकील ने कहा है कि कोर्ट से लिखित आदेश मिलने के बाद अंतिम संस्कार की तारीख 17 नवंबर करने के लिए याचिका दाखिल की जाएगी ताकि अमृतपाल इसमें शामिल हो सकें।
2023 से जेल में बंद हैं अमृतपाल
गौरतलब है कि अमृतपाल सिंह को अप्रैल 2023 में गिरफ्तार किया गया था। अजनाला पुलिस स्टेशन पर हुए हमले से जुड़े मामले में वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। जेल में रहते हुए उन्होंने 2024 का लोकसभा चुनाव खडूर साहिब सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में लड़ा था और जीत दर्ज की थी। उनकी इस जीत के बाद उनके समर्थकों ने वारिस पंजाब दे को एक राजनीतिक पार्टी बना दिया और आगामी 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ने की भी घोषणा कर दी है। इस चुनाव में अमृतपाल को सीएम पद का उम्मीदवार भी घोषित किया गया है।
यह भी पढ़ें: 'मेरा फोन टैप कर रहे हैं', राहुल गांधी का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप
मानवीय आधार पर मिली राहत
अमृतपाल सिंह की दादी के निधन के बाद परिवार और समर्थकों ने मानवीय आधार पर उन्हें अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति देने की मांग की थी। अब कोर्ट के फैसले से परिवार को राहत मिली है। इससे पहले उनके परिवार की ओर से दादी से मिलने के लिए पेरोल देने की याचिका दाखिल की गई थी लेकिन कोर्ट ने उन्हें अपनी दादी से वीडियो कॉल पर बातचीत करने की अनुमति दे दी थी। अमृतपाल कई साल बाद पहली बार जेल से बाहर आएंगे।
