राजधानी दिल्ली में 10 नवंबर यानी मंगलवार की सुबह भी हवा की गुणवत्ता 'बहुत खराब' श्रेणी में बनी रही। पूरे शहर में धुंध के कारण विजिबिलिटी काफी कम दर्ज की गई। दिल्ली के कई मॉनिटरिंग स्टेशनों पर AQI का आंकड़ा 400 के आसपास पहुंच चुका है जो सेहत के लिए बेहद खतरनाक माना जाता है। मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि 10 से 15 नवंबर के बीच दिल्ली-NCR में बारिश की कोई संभावना नहीं है।
मौसम विभाग का कहना है कि भले ही पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय हो रहा है लेकिन इसका असर दिल्ली के मौसम पर नहीं पड़ेगा। बारिश न होने की वजह से हवा में मौजूद जहरीले कण वायुमंडल में ही फंसे रहेंगे। इससे आने वाले दिनों में भी लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
यह भी पढ़ें: तीसरी पत्नी अन्ना कोनिडाला से भी हुआ पवन कल्याण का तलाक, 13 साल चली शादी
अलग-अलग इलाकों में प्रदूषण का हाल
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक शहर के अलग-अलग हिस्सों में हवा की स्थिति अलग-अलग दर्ज की गई। चांदनी चौक की हवा सबसे ज्यादा जहरीली रही। वहां AQI 400 दर्ज किया गया जो 'बेहद खतरनाक' श्रेणी में आता है। इसके बाद पूसा और जाफरपुर का स्थान रहा। पूसा में AQI 398 और एनएसयूटी जाफरपुर में 384 दर्ज किया गया।
कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में AQI 380, सिरिफोर्ट में 375 और तालकटोरा गार्डन में 373 रहा। मथुरा रोड पर AQI 372, IIT दिल्ली में 361, आया नगर में 360, बुरारी में 350 से ज्यादा और शादीपुर में 325 दर्ज हुआ। इंडिया गेट और कर्तव्य पथ के आसपास AQI 258 रहा जो 'खराब' श्रेणी में आता है।
कैसा रहेगा आने वाले दिनों में मौसम?
अगले कुछ दिनों तक दिल्ली का अधिकतम तापमान 27 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। बारिश न होने से प्रदूषण के कण हवा में जमा रहेंगे। इससे 15 नवंबर तक हवा की गुणवत्ता में कोई बड़ा सुधार होने के आसार नहीं हैं।
यह भी पढ़ें: भारत-बांग्लादेश के बीच 30 साल पुरानी गंगा जल संधि खत्म हो रही है, अब आगे क्या?
5 साल में सबसे प्रदूषित रही इस बार की दिवाली
इस साल 8 नवंबर को दिल्ली में बीते 5 सालों की सबसे प्रदूषित दिवाली दर्ज की गई थी जब औसतन AQI 376 तक पहुंच गया था। हालांकि, दिवाली के अगले दिन तेज हवाएं चलने के कारण प्रदूषण के स्तर में मामूली गिरावट जरूर आई थी लेकिन अब हवा फिर से बेहद खराब में पहुंच गई है।
