सोमवार शाम को बागडोगरा से दिल्ली जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX1523 को बीच हवा में धुएं का अलर्ट (Smoke Alert) मिलने के बाद लखनऊ के चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। फ्लाइट में 148 यात्री और 6 क्रू सदस्य सवार थे। हालांकि, किसी के भी हताहत होने की खबर नहीं है।

 

पीटीआई न्यूज एजेंसी के मुताबिक, पायलट ने 'मेडे' (Mayday) कॉल जारी किया, जो खतरनाक स्थिति में इस्तेमाल होने वाला अंतरराष्ट्रीय डिस्ट्रेस सिग्नल है। क्रू सदस्यों ने प्लेन के एवियोनिक्स बे (जहां महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम होते हैं) में धुआं देखा था। इसके बाद पायलट ने फ्लाइट को तुरंत लखनऊ डायवर्ट करने का फैसला किया।

 

यह भी पढ़ें: उड़ान भरते ही हुई महिला की मौत, फ्लाइट में 13 घंटे तक किया सफर, उठती रही बदबू

सुरक्षा को दी प्राथमिकता

एयरलाइंस के प्रवक्ता ने कहा, 'सुरक्षा को प्राथमिकता पर रखते हुए, हमारे क्रू ने दिल्ली जाने वाली फ्लाइट को लखनऊ डायवर्ट किया और स्मोक अलर्ट के बाद प्रायोरिटी लैंडिंग की। प्लेन सुरक्षित उतर गया। सभी यात्रियों को उतरने पर रिफ्रेशमेंट्स दिए गए और उन्हें दिल्ली जाने वाली दूसरी फ्लाइट्स में जगह दी गई। हम यात्रीगणों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हैं।'

 

कुछ यात्रियों को पूरा रिफंड ऑफर किया गया, तो कुछ को होटल में ठहराने और अगली फ्लाइट्स में रीबुक करने की व्यवस्था की गई।

जांच के बाद फिर उड़ेगा प्लेन

लैंडिंग के बाद प्लेन को 'एयरक्राफ्ट ऑन ग्राउंड' (AOG) घोषित कर दिया गया। इसका मतलब है कि प्लेन में खराबी की वजह से उसे तुरंत चेक और रिपेयर किए बिना उड़ान नहीं भरी जा सकती। प्लेन अभी लखनऊ एयरपोर्ट पर ही खड़ा है।

 

यह भी पढ़ें: हजारों फीट ऊपर उड़ती फ्लाइट में इमरजेंसी गेट खोलने लगा शख्स, कहा- भूत का साया है

 

एयरपोर्ट अधिकारियों ने पूरे इमरजेंसी प्रोटोकॉल का पालन किया और प्लेन की सुरक्षित लैंडिंग सुनिश्चित की। यात्रियों ने बताया कि ऑक्सीजन मास्क गिरने से कुछ पल के लिए घबराहट हुई, लेकिन क्रू ने उन्हें शांत रहने और मास्क सही तरीके से इस्तेमाल करने की सलाह दी।

 

एयर इंडिया एक्सप्रेस ने कहा कि यात्री और क्रू की सुरक्षा उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। घटना की जांच चल रही है।