राबर्ट वाड्रा और प्रियंका वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा ने नई दिल्ली स्थित बीकानेर हाउस प्रबंधन पर प्रदर्शनी से कुछ तस्वीरों को जबरन हटवाने का आरोप लगाया था। अब बीकानेर हाउस सोसाइटी ने गुरुवार को अपना पक्ष रखा और बताया कि प्रदर्शनी में लगी कुछ तस्वीरें नीति के मुताबिक नहीं थीं। इस कारण से उन्हें हटाने का अनुरोध किया गया था।

 

रेहान वाड्रा बीकानेर हाउस में 'नो आइडिया इज फाइनल' नाम से प्रदर्शनी का आयोजन कर रहे हैं। यह प्रदर्शनी रविवार तक आयोजित होगी। बुधवार को प्रदर्शनी का प्रीव्यू था। गुरुवार से इसे आम लोगों के लिए खोल दिया गया है। रेहान वाड्रा फोटोग्राफर और कलाकार हैं। उन्होंने एक इंस्टा पोस्ट पर आरोप लगाया था कि दिल्ली में हुए विरोध प्रदर्शन से जुड़ी तस्वीरों को बीकानेर हाउस ने जबरन हटवा दिया है।

 

यह भी पढ़ें: त्रिपुरा के युवक पर नस्लीय टिप्पणी, अमीर शौकीन की मुश्किलें बढ़ीं, FIR दर्ज

आंशिक रूप से चल रही प्रदर्शनी: रेहान वाड्रा

रेहान का आरोप है कि प्रबंधन ने साढ़े तीन बजे कहा कि अगर शाम पांच बजे तक तस्वीरों को नहीं हटाया तो प्रदर्शनी को कैंसिल कर दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदर्शनी आंशिक रूप से चलती रहेगी। दिल्ली प्रदर्शन की तस्वीरों को किसी अन्य जगह प्रदर्शित किया जाएगा। 
 

रेहान वाड्रा की प्रदर्शनी 'नो आइडिया इज फाइनल' के तहत प्रदर्शित कुछ तस्वीरें बीकानेर हाउस प्रबंधन सोसाइटी की नीति के अनुरूप नहीं मिली हैं। इस वजह से उन्हें हटाने का आग्रह किया गया। - बीकानेर हाउस सोसाइटी। 

 

यह भी पढ़ें: सऊदी अरब में फंसे 4000 उमराह यात्री, ओवैसी बोले- विशेष विमान भेजे भारत सरकार

नीति के अनुरूप तस्वीरों को प्रदर्शित किया जा रहा

बीकानेर हाउस सोसाइटी ने अपने एक बयान में कहा कि वह कला और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए समर्पित एक सार्वजनिक सांस्कृतिक संस्थान है। प्रदर्शनियों और उनसे जुड़ी गतिविधियों को बीकानेर हाउस प्रबंधन सोसाइटी की नीति के मुताबिक होना चाहिए। रेहान वाड्रा की प्रदर्शनी में नीति के अनुरूप तस्वीरों को प्रदर्शित किया जा रहा है।