कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपनी मां सोनिया गांधी की किताब 'Belonging: A Journey of Love' के विमोचन समारोह में अपने माता-पिता से जुड़ी कुछ यादें शेयर की। उन्होंने बताया कि कैसे हर रोज जब वे खाना खाने बैठते थे तो उनकी मां सोनिया गांधी उनके पिता राजीव गांधी की गोद में बैठकर खाना खाती थी और राहुल गांधी को ऐसा लगता था कि हर परिवार में ऐसा ही होता है लेकिन उन्हें बाद में पता चला कि हर परिवार में ऐसा नहीं होता है। अब उनकी इस बात को लेकर उनकी जमकर आलोचना हो रही है। उनका यह बयान अब राजनीतिक विवाद का रूप ले चुका है लेकिन राहुल गांधी ने एक पोस्ट कर आलोचकों को करारा जवाब दिया है।
दरअसल, सोमवार को नई दिल्ली में सोनिया गांधी की किताब के विमोचन कार्यक्रम में राहुल गांधी ने अपनी मां के व्यक्तित्व और माता-पिता के रिश्ते के बारे में बात की। उन्होंने बताया कि बचपन में उन्होंने अपने माता-पिता के बीच बेहद गहरा प्रेम देखा था। उन्होंने राजीव की गोद में बैठकर सोनिया के खाना खाने का किस्सा शेयर किया। राहुल ने कहा कि बचपन में उन्हें यह बिल्कुल सामान्य लगता था। एक बार जब वह अपने दोस्त के घर गए तो उन्होंने देखा कि वहां उसके माता-पिता इस तरह नहीं बैठते। इस पर उन्होंने अपने दोस्त से सवाल किया कि उसकी मां उसके पिता की गोद में क्यों नहीं बैठतीं? उन्होंने बताया कि उनके पिता के जाने के बाद उनकी मां पूरी तरह बदल गई थीं।
यह भी पढ़ें: 'एक रात आओ...', दरोगा ने केस सुलझाने के लिए महिला को दिया ऑफर, ऑडियो वायरल
निशाने पर आए राहुल
राहुल गांधी के इस बयान के बाद बीजेपी नेताओं ने उन पर हमला बोलना शुरू कर दिया। असम के मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता हिमंत बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी के बयान का वीडियो शेयर करते हुए तंज कसा। उन्होंने लिखा कि राहुल गांधी अपनी मां को उनके जीवन के इतने खास दिन पर भी शर्मिंदगी से नहीं बचा सके। साथ ही उन्होंने राहुल को 'प्रोडक्ट' बताते हुए उनके लॉन्च और रिलॉन्च पर भी कटाक्ष किया।
बीजेपी नेताओं ने इसे मां की गरिमा और सार्वजनिक जीवन में अभिव्यक्ति की मर्यादा से जोड़ने की कोशिश की। उत्तर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें मां के प्रति सम्मान और महिलाओं की गरिमा का ध्यान रखना चाहिए। इसके अलााव बीजेपी से जुड़े सोशल मीडिया पेज राहुल गांधी की जमकर आलोचना कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर बहस
वहीं सोशल मीडिया पर भी इस बयान को लेकर बहस छिड़ गई। कुछ लोगों ने राहुल की आलोचना करते हुए इसे निजी रिश्तों को सार्वजनिक मंच पर बताने की अनावश्यक कोशिश बताया, जबकि कांग्रेस समर्थकों ने कहा कि राहुल केवल अपने माता-पिता के प्रेम और पारिवारिक जीवन की एक खूबसूरत याद शेयर कर रहे थे। कुछ लोग लिख रहे हैं कि कुछ लोग महिला को मिली इतनी आजादी पचा नहीं पा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: आजम खान को मनी लॉन्ड्रिंग केस में भी मिली जमानत, जेल से बाहर आ पाएंगे या नही?
राहुल ने किया पलटवार
आलोचनाओं के बाद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर भगवान शिव और माता पार्वती की एक तस्वीर शेयर की। यह तस्वीर कर्नाटक के होयसलेश्वर मंदिर की प्रतिमा है, जिसमें शिव और पार्वती प्रेमपूर्ण मुद्रा में दिखाई देते हैं। राहुल ने लिखा, 'डर, गुस्से और नफरत ने बीजेपी और आरएसएस समर्थकों के दिलों में ऐसा जाल बुन दिया है, जो उन्हें प्रेम को महसूस करने और उसे व्यक्त करने से रोकता है।'
उन्होंने आगे लिखा कि एक सच्चे हिंदू के तौर पर उनका कर्तव्य है कि वे इन लोगों को इस जाल से मुक्त कराएं, ताकि वे भी अपने जीवन में प्रेम और अपनेपन की खूबसूरती और खुशी महसूस कर सकें। अपनी पोस्ट के अंत में उन्होंने लिखा- 'सत्यम शिवम सुंदरम'। हालांकि राहुल गांधी की इस पोस्ट पर भी हिमंत बिस्वा सरमा ने पलटवार किया। उन्होंने राहुल पर भगवान शिव और माता पार्वती के प्रतीकों के जरिए खुद को दैवीय रूप में प्रस्तुत करने का आरोप लगाया और कहा कि कोई इंसान भगवान के बराबर नहीं हो सकता।
