भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने युवाओं के साथ संपर्क बनाने पर फोकस करना शुरू कर दिया है। पार्टी ने अपनी रणनीति में जेन-जी और जेन-अल्फा पर जोर देने की रणनीति बनाई है। देशभर में अलग-अलग टीमों का गठन किया जाएगा, ताकि युवाओं के साथ संवाद स्थापित किया जा सके। बीजेपी जल्द ही देशभर में युवाओं से जुड़ने के लिए कार्यक्रम करेगी।
पार्टी ने जेन जी से जुड़ाव के लिए एक टीम का गठन किया है। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक टीम में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन , राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी और विनोद तावड़े, गुजरात के मंत्री हर्ष संघवी और छत्तीसगढ़ के मंत्री ओपी चौधरी को शामिल किया गया। हाल ही में दिल्ली के जंतर-मंतर में नीट परीक्षा के खिलाफ जेन-जी आंदोलन और विपक्ष के युवाओं से जुड़े कार्यक्रम के बाद बीजेपी ने यह पहल की है।
यह भी पढ़ें: कन्नौज में पुलिसकर्मी से क्यों भिड़ पड़े कांवड़िए? इस्तीफे तक आ गई बात
नई टीम के साथ नितिन नवीन की पहली बैठक
उधर, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ पहली बैठक की। न्यूज एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों, बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने और सरकार की योजनाओं एवं पहलों को जनता तक पहुंचाने पर फोकस किया गया। इस बैठक के अलावा भी कई अन्य बैठकें होनी हैं। इनमें बीजेपी शासित राज्यों के सीएम, प्रदेश अध्यक्ष और पार्टी प्रभारी शामिल होंगे।
यह भी पढ़ें: 'DM अंकल पक्का पुल बनवा दीजिए', रामपुर में नदी में खड़े होकर छात्रों का प्रदर्शन
बीजेपी की नई टीम में 51 नए चेहरे
युवाओं में बढ़ती नाराजगी के बीच बीजेपी ने हाल ही में अपनी नई टीम का गठन किया है। नितिन नवीन की नई टीम में कुल 65 नेताओं को जगह दी गई। इनमें से 51 नए चेहरे हैं। नई टीम में 12 महिलाओं और अल्पसंख्यक समुदाय से आने वाले छह नेताओं को भी जगह मिली है। स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी दी गई। पीयूष गोयल को दूसरी बार कोषाध्यक्ष बनाया गया। राम माधव और वसुंधरा राजे सिंधिया समेत 12 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए हैं। पार्टी की आईटी सेल की जिम्मेदारी दीपक म्हास्के को सौंपी गई है। इससे पहले अमित मालवीय के पास यह जिम्मेदारी थी।
