कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके की दादी का निधन हो गया है। यह खबर उस वक्त आई जब एयरपोर्ट पर ही दीपके और उनके साथियों को पुलिस ने हिरासत में लिया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अभिजीत दीपके की दादी सावित्रीबाई शंकर (85) लंबे समय से बीमार चल रही थीं। महाराष्ट्र के हिंगोली में शनिवार को उनका निधन हो गया। अभिजीत दीपके का परिवार महाराष्ट्र के हिंगोली जिले के संतुक पिंपरी गांव में रहता है।   

 

कॉकरोच जनता पार्टी ने शनिवार को जंतर-मंतर में प्रदर्शन का आह्वान किया था। सुबह ही अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरभ दास दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे। पुलिस ने एयरपोर्ट से ही दीपके को हिरासत में ले लिया। दीपके को गुरुग्राम ले जाया गया है।  

 

यह भी पढ़ें: भरभराकर गिरीं इमारतें, जान बचाकर भागे लोग, पनामा में भूकंप से तबाही की तस्वीर

अजिंक्य शिंदे को सौंपी आंदोलन की कमान

अभिजीत दीपके ने हिरासत में लिए जाने के बाद संगठन प्रभारी अजिंक्य शिंदे को आंदोलन का नेतृत्व सौंपा है। दीपके ने अपने एक्स अकाउंट पर बताया कि उन्होंने गिरफ्तारी की आशंका के कारण पहले ही शुक्रवार रात को एक वीडियो रिकॉर्ड कर लिया था। उन्होंने समर्थकों से कहा कि अगर वे यह वीडियो देख रहे हैं तो इसका मतलब है कि उन्हें, सौरव दास और आशुतोष रांका को हिरासत में ले लिया गया है। ऐसी स्थिति में वे शिंदे की अगुवाई में प्रदर्शन में शामिल हों।

 

यह भी पढ़ें: 12 दिन से पुलिस की किले जैसी घेराबंदी, कैसे सेंट्रल दिल्ली में घुसे लोग?

ममता बनर्जी और अरविंद केजरीवाल हिरासत में 

सीजेपी प्रदर्शन के बीच दिल्ली पुलिस ने हजारों लोगों को हिरासत में लिया है। यूट्यूबर ध्रुव राठी को भी पुलिस ने उठा लिया है। पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी और दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल को भी हिरासत में लिया गया है। ममता बनर्जी के साथ पांच अन्य सांसदों को भी हिरासत में लिया गया है। 

इम्तियाज अली मार्ग पर पथराव, दो पुलिसकर्मी घायल

दिल्ली पुलिस के मुताबिक आकाशवाणी भवन के निकट इम्तियाज अली मार्ग पर सुरक्षाकर्मियों पर पथराव किया गया। दो पुलिस कर्मियों के घायल होने की खबर है। पुलिस ने 25 से 30 प्रदर्शनकारियों पर पथराव का आरोप लगाया है। जंतर-मंतर के आसपास पुलिस लगातार प्रदर्शनकारियों को खदेड़ रही है। नई दिल्ली क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू है।