दिल्ली में जंतर-मंतर पर जारी छात्रों के आंदोलन की गूंज अब संसद में सुनाई दे रही है। 20 जुलाई को छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के खिलाफ और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर छात्रों के प्रदर्शन के बीच विपक्ष ने भी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कल पीएम आवास के बाहर प्रदर्शन के बाद विपक्षी सांसदों को हिरासत में लेने के खिला अब राहुल गांधी समेत तमाम विपक्षी सांसद आज संसद में काले कपड़े पहनकर पहुंचे हैं। विपक्षी सासंदों ने केंद्र सरकार के खिलाफ संसद परिसर में नारेबाजी की। इसके साथ ही छात्रों के प्रदर्शन के कारण दिल्ली में सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है। 

 

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने सोशल मीडिया पर पोस्ट जारी कर कुछ स्टेशनों के बंद होने की जानकारी दी। DMRC ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए जनपथ, राजीव चौक, पटेल चौक और केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशनों के जाने और बाहर निकलने वाले सभी गेट अगली सूचना तक बंद कर दिए हैं। हालांकि, राजीव चौक और केंद्रीय सचिवालय पर इंटरचेंज की सुविधा जारी है। इसके कुछ समय बाद फिर से जानकारी दी गई की कुल 16 स्टेशन बंद हैं। 

 

यह भी पढ़ें: 'आज कॉकरोच पार्टी, कल सुअर पार्टी बनेगी तो समर्थन करेंगे?' भड़क गए BJP नेता

 

कौन से मेट्रो स्टेशन बंद?

दिल्ली मेट्रो ने अपनी पुरानी सूचना को अपडेट करते हुए जानाकरी दी कि कुल 16 स्टेशन अगले आदेश तक बंद रहेंगे। लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम को बंद किया गया है। 

काले कपड़ों में विपक्ष

राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, पप्पू यादव और मल्लिकार्जुन खड़गे समेत विपक्षी दलों के तमाम सांसद काले कपड़े और काली पट्टियां पहनकर संसद परिसर में पहुंचे हैं। कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने कहा कि विपक्षी सांसद काले कपड़े इसलिए पहन रहे हैं क्योंकि सरकार ने छात्रों के साथ जिस तरह का व्यवहार किया है, उसका विरोध जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में छात्रों पर पुलिस कार्रवाई की गई और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े गंभीर सवालों पर सरकार जवाब देने से बच रही है। विपक्ष ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अड़ गया है। 

मकर द्वार के सामने प्रदर्शन

कांग्रेस और विपक्षी दलों के सांसद मकर द्वार के सामने प्रदर्शन कर रहे हैं। कांग्रेस सांसद के सुरेश ने कहा कि काले कपड़े पहनने का फैसला मंगलवार को हुए प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और अन्य सांसदों के साथ पुलिस की कथित सख्ती के विरोध में लिया गया है। उन्होंने कहा,'यह प्रदर्शन कल विपक्ष के नेता और अन्य सांसदों के साथ पुलिस की बर्बर कार्रवाई के खिलाफ है।'

 

कल दिनभर हुआ हंगामा

कल संसद में छात्रों की मांगों को लेकर हलचल देखने को मिली। तमाम विपक्षी सांसदों ने 20 जुलाई को हुए लाठीचार्ज की निंदा की। राहुल गांधी ने लोकसभा अध्यक्ष से चर्चा की मांग की लेकिन उस पर सिर्फ आश्वासन दिया गया। शाम होते होते कांग्रेस के सांसद राहुल गांधी, प्रिंयका गांधी समेत पीएम आवास के बाहर पहुंच गए। कुछ देर में अखिलेश समेत अन्य नेता भी पहुंचे। पुलिस ने सभी को हिरासत में लिया।

 जारी है सीजेपी का प्रदर्शन

संसद में तो संग्राम जारी है, वहीं दूसरी तरफ सीजेपी का प्रदर्शन भी जारी है। सीजेपी के प्रदर्शन में जंतर-मंतर पर भारी संख्या में छात्र पहुंच रहे हैं। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। छात्र अपनी मांग को लेकर अड़ गए हैं। वहीं, सत्ता पक्ष भी अब इस मुद्दे पर लगातार बैठकें कर रहा है।