मई 2023 के बाद पहली बार कोई पाकिस्तानी मंत्री नई दिल्ली आया है। शुक्रवार को पाकिस्तान के केंद्रीय जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री मुसादिक मलिक भारत पहुंचे। दिल्ली एयरपोर्ट पर पाकिस्तान के चार्ज डी अफेयर्स साद वराइच ने उनका स्वागत किया। मुसादिक मलिक यहां एससीओ के सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में हिस्सा लेंगे। लेकिन उनकी भारत यात्रा पर कांग्रेस ने मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है।
कांग्रेस ने मोदी सरकार पर भारत के प्रति नफरती रुख अपनाने वाले मंत्री के आवभगत का आरोप लगाया। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि आतंकवाद पर लगाम लगाने तक पाकिस्तान से बात नहीं होनी चाहिए।
यह भी पढ़ें: पहली बार भारत आएंगे बालेन्द्र शाह, PM मोदी के साथ कई मुद्दों पर होगी बात
अपने आधिकारिक 'एक्स' अकाउंट पर कांग्रेस ने लिखा, 'मोदी सरकार के निमंत्रण पर पाकिस्तान का मंत्री मुसादिक मलिक भारत आ गया है। मुसादिक लगातार भारत को धमकाता रहा है। कभी हाथ काटने की धमकी देता है, कभी खून बहाने की। एक तरफ पाकिस्तान हमारे देश में आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है, भारतीयों की हत्या करवा रहा है।'
कांग्रेस ने आरोप लगाया, 'मोदी सरकार भारत से नफरत करने वाले पाकिस्तानी मंत्री की आवभगत में लगी है। बिरयानी और कबाब खिलाने की तैयारी है। ये देश और देशवासियों के साथ गद्दारी है। मोदी सरकार को ये नहीं करना चाहिए था। जब तक पाकिस्तान आतंक पर पूरी तरह ब्रेक नहीं लगाता, उससे कोई बात नहीं होनी चाहिए।'
आतंकवाद और वार्ता एक साथ नहीं: प्रमोद तिवारी
कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि मुझे दुख और ठेस पहुंची है कि मलिक साहब वही मंत्री हैं, जिन्होंने 'ऑपरेशन सिंदूर' के समय कहा था कि अगर भारत ने पाकिस्तान का पानी रोका तो हाथ काट दूंगा। प्रमोद तिवारी ने आगे कहा कि यह मंत्री की तो नहीं आतंकवादियों की भाषा है। आतंकवाद और वार्ता दोनों साथ नहीं चल सकते।
यह भी पढ़ें: तुर्की और इंडोनेशिया के बीच बढ़ता रक्षा सहयोग भारत के लिए क्यों चिंताजनक?
पाकिस्तानी मंत्री को भारत क्यों आना पड़ा?
यहां यह समझना जरूरी है कि भारत एससीओ कार्यक्रम की मेजबानी कर रहा है। इसके तहत सभी सदस्य देशों को न्योता देना जरूरी है। पाकिस्तान भी एससीओ का सदस्य है। इसके नाते ही भारत ने पिछले महीने पाकिस्तान के संस्कृति मंत्री औरंगजेब खान खिजी को निमंत्रण दिया। पाकिस्तान ने उनकी जगह मुसादिक मलिक को भेजा है। यह भारत और पाकिस्तान के बीच कोई द्विपक्षीय बातचीत की पहल नहीं है।
