दिल्ली-एनसीआर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं, ट्रैफिक की वजह से गाड़ियों की रफ्तार धीमी पड़ गई है। इसकी वजह से कई जगहों पर लंबा जाम देखने को मिला। शहर में भारी बारिश की वजह से छतरपुर फार्म इलाके में जलभराव हो गया। वहीं फरीदाबाद के सेक्टर 35 और अन्य इलाकों में भी लगातार बारिश के कारण जलभराव की समस्या हुई है। कई जगहों पर पानी घुटने तक भरा हुआ नजर आया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 2 घंटों के दौरान दिल्ली-NCR के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश के साथ-साथ आंधी और बिजली गिरने का अनुमान जताया है। फिलहाल भारी बारिश के चलते जलजमाव और धीमी गति से चल रहे ट्रैफिक के कारण लोगों की देरी का सामना करना पड़ा।
यह भी पढ़ें: सड़क हादसे में एक की मौत, भीड़ ने पटना में किया हंगामा, फूंक दीं कई गाड़ियां
सफदरजंग अस्पताल परिसर में घुसा पानी
लगातार हो रही बारिश की वजह से सफदरजंग अस्पताल के बाहर परिसर में बारिश का पानी घुस गया, जिससे मरीजों और उनके साथ आए लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। एक मरीज ने बताया कि हमें बहुत परेशानी हो रही है। अस्पताल परिसर के कई इलाकों में पानी भरा हुआ है, गैलरी में भी पानी है। मरीज को लाने-ले जाने में हमें बहुत दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
संगम विहार में घुटने तक पानी
इसके अलावा, दिल्ली के संगम विहार इलाके में तेज बारिश के बाद कई सड़कों पर घुटने तक पानी भर गया। इस गहरे पानी के बीच लोगों को अपनी गाड़ियों को धक्का देकर निकालते हुए देखे गए। इसके अलावा वसंत कुंज, कापसहेड़ा बॉर्डर समेत कई अन्य इलाकों में भी जलभराव देखने को मिला।
मेहराम नगर इलाके में ट्रैफिक
इसके अलावा दिल्ली के टर्मिनल-1 के पास मेहराम नगर इलाके में तेज बारिश के बाद सड़क पर काफी पानी भर गया। जलभराव के कारण ट्रैफिक की रफ्तार धीमी हो गई और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
ईस्ट ऑफ कैलाश में बिजली के तारों पर गिरा पेड़
दिल्ली के साउथ ईस्ट इलाके में भारी बारिश के चलते ईस्ट ऑफ कैलाश के जी ब्लॉक में एक पेड़ बिजली के तारों पर गिर गया। इससे इलाके में परेशानी बढ़ गई और लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता पैदा हो गई। स्थानीय लोगों ने इस घटना के बाद सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
आने वाले दिनों में दिल्ली का मौसम कैसा रहेगा
IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, 8 अगस्त को दिल्ली में आमतौर पर बादल छाए रहने और मध्यम बारिश होने की संभावना है। 9 अगस्त को शहर में आमतौर पर बादल छाए रहने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की उम्मीद है। 10, 11, 12 और 13 अगस्त को भी हल्की बारिश या बूंदाबांदी के साथ ऐसे ही हालात रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है, जबकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
