कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने परिसीमन के माध्यम से लोकतंत्र की हत्या का आरोप लगाया। आंध्र प्रदेश के सीएम एन. चंद्रबाबू और पूर्व सीएम जगन मोहन रेड्डी से जागने का आह्वान किया और दावा किया कि लोकतंत्र की हत्या की जा रही है।
राहुल गांधी ने अपने सर्वे के आधार पर दावा किया कि देश के 80 फीसद और लगभग 100 फीसद जेन-जी का मानना है कि नरेंद्र मोदी , अमित शाह और ज्ञानेश कुमार चुनाव चुराते हैं। उन्होंने परिसीमन को एक नई योजना बताया।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में अब सातों दिन होगी रोबोटिक सर्जरी, सीएम सुक्खू ने दिए निर्देश
'लोकतंत्र की हत्या हो रही, कृपया जाग जाइये'
राहुल गांधी ने कहा, 'जो हमारे गठबंधन के साथी साथ हैं, वे 100 फीसद साथ हैं। कुछ लोग ऐसे भी हैं, जो हमारे साथ नहीं हैं। उन्हें यह समझने की जरूरत है कि मामला 850 का है। भारतीय लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले हर व्यक्ति, चाहे वे हमारे पक्ष में हों या किसी और के, जिसमें NDA के सहयोगी भी शामिल हैं। संदेश यह है कि यहां जो कुछ भी हो रहा है, वह भारतीय लोकतंत्र की मौत है। मैं जगन से चंद्रबाबू नायडू जी से और उनके सहयोगियों से कह रहा हूं कि भारतीय लोकतंत्र की हत्या की जा रही है, कृपया जाग जाइए।'
राहुल गांधी ने कहा कि निडर युवाओं को देखकर खुशी होती है। वे डरने की जगह मोदी और शाह के सामने डटकर खड़े होते हैं। यह भी दावा किया कि एक दिन मोदी को हार का सामना करना पड़ेगा। परिसीमन भी काम नहीं आएगा।
अंदर ही अंदर लहर चल रही है: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने लिखा, 'मेरी बात लिख लीजिए, एक न एक दिन उन्हें हारना ही है। मोदी जी को यह समझ नहीं आ रहा है कि एक बहुत बड़ी लहर अंदर ही अंदर चल रही है। आप चाहे जो कर लें, चुनाव में धांधली कर लें, परिसीमन करवा लें, सीटों की संख्या 850 कर दें; लेकिन यह रुकने वाला नहीं है।'
'जेन-जी डरते नहीं हैं'
युवा पीढ़ी की तारीफ में कांग्रेस नेता ने कहा, 'मेरा अनुभव और जो मैंने देखा है, वह यह है कि 'जेन जी' डरती नहीं है। उनके अंदर सच्ची देशभक्ति की भावना है और वे किसी से नहीं डरते। जब मैं देखता हूं कि 'जेन जी' डर नहीं रही है, बल्कि मोदी और शाह के सामने डटकर खड़ी है, लाठियों की मार भी सह रही है तो मुझे यह देखकर बहुत खुशी होती है कि इस देश में ऐसे निडर युवा और निडर लोग मौजूद हैं। यह शर्म की बात है कि बहुत से लोग कायर हो गए हैं।'
देश को तानाशाही में बदलने नहीं देंगे
राहुल गांधी ने बीजेपी पर मतदान प्रक्रिया और ईवीएम पर कब्जे के बाद चुनाव क्षेत्र पर कब्जा करने का आरोप लगाया। दावा किया कि परिसीमन से एससी, एसटी, ओबीसी और अल्पसंख्यक समुदाय शक्तिहीन बन जाएगा। एलान किया, 'हम बीजेपी को इस देश को तानाशाही में बदलने नहीं देंगे। ऐसा नहीं होने वाला है। 2024 का चुनाव एक फर्जी चुनाव था। नरेंद्र मोदी एक फर्जी और अवैध प्रधानमंत्री हैं। हमने यानी देश के युवाओं और 'जेन जी' ने वोट चोरी के मुद्दे पर बीजेपी को घेर लिया। हमने उनके रास्ते बंद कर दिए हैं और वह दरवाजा भी बंद कर दिया है। अब वे एक नई योजना लेकर आए हैं और कोई नया रास्ता खोलने का प्रयास कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: 'तिरुक्कुरल पालम' थीम के साथ शुरू हुआ काशी तमिल संगमम, CM योगी ने गिनाए फायदे
850 का जवाब असम और कश्मीर में छिपा
परिसीमन विधेयक पर राहुल गांधी ने कहा, 'उनका (बीजेपी) मानना है कि लोकसभा में 543 के बजाय 850 सदस्य होने चाहिए। इसके लिए वे महिला आरक्षण का बहाना बनाते हैं। महिला आरक्षण बिल तो पहले ही पास हो चुका है। इसे कल ही लागू किया जा सकता है। तो सवाल यह है कि 850 ही क्यों? इसका जवाब असम और जम्मू-कश्मीर में छिपा है, क्योंकि जब आपके पास 850 सीटें हों तो आप भारत के चुनावी नक्शे में बहुत बड़े बदलाव कर सकते हैं, उसे पूरी तरह से फिर से तैयार कर सकते हैं। इससे बीजेपी को भारत के चुनावी नक्शे को अपने फायदे के हिसाब से फिर से बनाने का मौका मिल जाएगा।'
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि इससे बीजेपी उन समुदायों के प्रतिनिधित्व को कमजोर कर सकती है, जो उनके खिलाफ हैं। विपक्ष के खास नेताओं को निशाना भी बना सकती हैं। राहुल गांधी ने कहा कि 850 नंबर भारतीय लोकतंत्र की हत्या को दर्शाता है। जेन-जी कृपया इस नंबर को याद रखें। उन्होंने परिसीमन के माध्यम से बीजेपी पर देश को लूटने और भविष्य को बर्बाद करने का आरोप भी लगाया।
