अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व की आलोचना की। व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि फेडरल बैंक राजनीतिक है, इसलिए देश में ब्याज दरें बहुत ऊंची हैं। डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि दरें घटाई जाएं तो अमेरिका की सकल घरेलू उत्पाद (GDP) दर 15 से 20 प्रतिशत तक जा सकती है।
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वे फेड चेयरमैन को दोष नहीं दे रहे, बल्कि फेडरल के राजनीतिक होने को दोष दे रहे हैं। उनके मुताबिक जब भी सरकार अच्छे आंकड़े घोषित करती है, फेडरल ब्याज दरें बढ़ा देता है। उन्होंने कहा कि होना इसका उल्टा चाहिए।
यह भी पढ़ें: क्या होता है डर्टी बम? जिससे डोनाल्ड ट्रंप सहमे; वाशिंगटन में खौफ
'अच्छे आंकड़ों पर दरें बढ़ाना देश को नुकसान'
डोनाल्ड ट्रंप ने आरोप लगाया कि अर्थव्यवस्था के मजबूत प्रदर्शन के बावजूद ब्याज दरें बढ़ाकर फेडरल देश की आर्थिक क्षमता को घटा रहा है। उन्होंने इसे देश को 'बर्बाद करना' बताया। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अच्छे आंकड़े होने पर क्रेडिट बेहतर होता है। ट्रंप के मुताबिक अमेरिका में इसका उल्टा हो रहा है। उन्होंने कहा कि जब देश इतना बेहतर कर रहा है, तब दरें बढ़ाने के बजाय घटानी चाहिए।
भारत का ट्रंप ने जिक्र क्यों किया?
डोनाल्ड ट्रंप ने भारत का जिक्र करते हुए कहा कि वहां ब्याज दरें कम हैं और GDP ग्रोथ 7 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि इसी तरीके से अमेरिका की GDP ग्रोथ 14, 15 या 20 प्रतिशत तक भी हो सकती है। डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका की वजह से कुछ देश वित्तीय रूप से 'एलीट' माने जाते हैं। उन्होंने इसे अपनी कम दरों की मांग के समर्थन में रखा।
सितंबर में 25 बेसिस पॉइंट बढ़ी थीं दरें
डोनाल्ड ट्रंप की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब फेडरल रिजर्व ने सितंबर में ब्याज दरें 25 बेसिस पॉइंट बढ़ाई थीं। यह 2023 के बाद पहली बढ़ोतरी थी। ट्रंप इसके खिलाफ थे।
फेडरल बैंक के चेयरमैन केविन वार्श ने महंगाई से निपटने की जरूरत पर जोर दिया था। महंगाई फेड के 2 प्रतिशत के लक्ष्य से काफी ऊपर है।
यह भी पढ़ें: डोनाल्ड ट्रंप और जेडी वैंस के बीच मतभेद, क्या ईरान है वजह?
भारत में RBI ने भी बढ़ाई रेपो रेट
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने अक्टूबर में रेपो रेट 25 बेसिस पॉइंट बढ़ाकर 5.50 प्रतिशत कर दी। RBI ने कहा था कि महंगाई और वैश्विक दबावों से निपटने के लिए यह जरूरी है।
मौद्रिक नीति समिति (MPC) ने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत है, लेकिन मुद्रा और कर्ज में तेज बढ़त के कारण जोखिम बने हुए हैं।
IMF ने 2026 के लिए ग्रोथ अनुमान 7% जताया
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने अक्टूबर में 2026 के लिए भारत की आर्थिक वृद्धि का अनुमान बढ़ाकर 7 प्रतिशत कर दिया। यह बढ़ोतरी पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और तेल की ऊंची कीमतों के बावजूद की गई। इससे भारत दुनिया की सबसे तेज बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में बना हुआ है।
