मंगलवार को अचानक से गुरुग्राम, फरीदाबाद और नोएडा के मौसम में बदलाव देखने को मिला। आज दोपहर इन शहरों में तेज धूल भरी आंधी चली, जिससे एक बड़े इलाके का मौसम ठंडा हो गया। इस आंधी का असर राजधानी दिल्ली में भी देखने को मिला। इस घटना के बाद मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया। इसके मुताबिक, पूरे इलाके में बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने जानकारी देते हुए कहा कि अगले दो घंटों में दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में धूल भरी आंधी के बाद गरज के साथ हल्की बारिश, बिजली कड़कने और 50-80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। हालांकि, मौसम विभाग के इस अपडेट के फौरन बाद ही गुरुग्राम और दिल्ली में हल्की बारिश हुई।
यह भी पढ़ें: 6 बागी ही नहीं, महाराष्ट्र के सभी MP अपनी सांसद निधि खर्च करने में फिसड्डी
हरियाणा, यूपी और राजस्थान का अनुमान
मौसम विभाग ने हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों के लिए भी इसी तरह का अनुमान जारी किया है। इसके मुताबिक, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, रेवाड़ी, पलवल, बागपत, सिकंदराबाद, बरसाना, अलवर और डींग में बारिश हो सकती है।
दिल्ली-एनसीआर के लिए रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के दौरान आंधी आने, बिजली चमकने और बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले कुछ घंटों में दिल्ली में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, कई हिस्सों में बिजली कड़कने और 80-100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने जिला अधिकारियों और आपदा प्रबंधन अधिकारियों को सतर्क किया है और उन्हें जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है। आईएमडी के अनुसार, दिल्ली में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और अधिकतम तापमान के 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: IAS पंकज अग्रवाल को CBI ने गिरफ्तार किया, क्या हैं आरोप? हर सवाल का जवाब
मुंबई में आज आएगा मॉनसून
मौसम विभाग ने जानकारी देते हुए बताया कि आज यानी 23 जून को मुंबई में मॉनसून आ जाएगा। लोगों को मुंबई में मॉनसून के आने का बेसब्री से इंतजार था। इसमें कहा गया है,'दक्षिण पश्चिम मॉनसून आज 23 जून, 2026 को सेंट्रल अरब सागर के बाकी हिस्सों, मुंबई समेत महाराष्ट्र के कुछ और हिस्सों, तेलंगाना और ओडिशा के बाकी हिस्सों, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ गया है।'
इसमें आगे कहा गया है, 'अगले 2-3 दिनों में उत्तरी अरब सागर और गुजरात के कुछ हिस्सों, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में और अगले 3-4 दिनों में झारखंड और बिहार के बाकी हिस्सों, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में दक्षिण पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए हालात अच्छे हैं।'


