दिल्ली के सीमापुरी इलाके में एक पांच मंजिला इमारत ढह गई। अभी तक सात लोगों को बचा लिया गया है। पांच लोगों के लापता होने की बात कही जा रही है। घटनास्थल पर स्थानीय लोग, पुलिस और दमकल की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है। इमारत के मलबे से आसपास के कई घरों को नुकसान पहुंचा है।
न्यूज एजेंसी पीटीआई ने एक अधिकारी के हवाले से बताया कि बुधवार को उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीमापुरी इलाके में एक इमारत का अगला हिस्सा गिरने से कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका है। दिल्ली फायर सर्विस को दोपहर साढ़े तीन बजे इमारत गिरने की सूचना मिली। दमकल की गाड़ियां तुरंत मौके पर भेजी गईं।
यह भी पढ़ें: फिर से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर पाएगी CJP? दिल्ली पुलिस ने दे दिया जवाब
एक महीने में यह दिल्ली में इमारत ढहने की दूसरी घटना है। पिछले महीने 6 सितंबर को सत्य निकेतन इलाके में एक हॉस्टल की इमारत ढह गई थी। हादसे में सात छात्रों की जान गई थी और कई अन्य लोग घायल हुए थे।
लोगों का कहना है कि मंगलवार रात को भूकंप आने के बाद इमारत में दरार आ गई थी। स्थानीय लोगों के मुताबिक चार से पांच लोगों को बचाया गया है। उन्हें एंबुलेंस से अस्ताल भेजा गया है। कई अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका है। पुलिस और दमकलकर्मी राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं।
सात लोगों को बाहर निकाला गया
शाहदरा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजेंद्र प्रसाद मीणा ने कहा कि सीमापुरी के ई-ब्लॉक में इमारत के गिरने के संबंध में सूचना मिली। इसके बाद टीम मौके पहुंची। लगभग 25 वर्ग गज के भूखंड पर बनी यह इमारत ढह गई। इससे आसपास की दो इमारतें आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुई हैं। डीसीपी ने बताया कि तीन वर्षीय बच्चे समेत सात घायलों को मलबे से निकाला गया है।
ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
दिल्ली पुलिस ने एक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की। इसमें लोगों से सीमापुरी क्षेत्र की ओर जाने वाली सड़कों का उपयोग नहीं करने को कहा है क्योंकि सीमापुरी गोल चक्कर, डीएलएफ भोपुरा और आसपास की सड़कों पर यातायात प्रभावित है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली के स्कूलों में बदलेगा मिड-डे मील मेन्यू, ओट्स, बिस्किट और खीर मिलेंगे
अपनों को बचाने में जुटे लोग
सोशल मीडिया पर घटनास्थल के कई वीडियो वायरल हैं। इसमें इमारत का अगला हिस्सा ढहा हुआ दिख रहा है। लोगों की भीड़ मलबे को हटाने में जुटी है। एक बिजली का खंभा भी टूटकर गिर गया है। इमारत में रहने वाले एक शख्स ने बताया कि यह हादसा दोपहर करीब 3:30 बजे हुआ। यह पांच मंजिला इमारत थी। सुबह आए भूकंप के बाद लोगों को बाहर निकाल लिया गया था और वे धीरे-धीरे बाहर निकल ही रहे थे कि तभी अचानक इमारत ढह गई।
