देश के उत्तरी हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, 5-6 फरवरी और फिर 9-10 फरवरी को दो अलग-अलग पश्चिमी विक्षोभों के सक्रिय होने के कारण जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की पूरी संभावना है। पिछले कुछ घंटों में इन पहाड़ी राज्यों में न केवल बर्फ गिरी है, बल्कि 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं और ओलावृष्टि ने ठंड को और बढ़ा दिया है।
मैदानी इलाकों की बात करें तो उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई है। अगले 48 घंटों में उत्तराखंड के कुछ इलाकों में पाला पड़ने की भी चेतावनी दी गई है, जो फसलों के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
यह भी पढ़ें: इंजन में आग लगने की आशंका, कोलकाता में उतारा गया तुर्की का विमान
कोहरा और गिरता तापमान
अगले कुछ दिनों तक कोहरे से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम रहने की संभावना है, जिससे यातायात पर बड़ा असर पड़ सकता है। इसके अलावा दिल्ली, पंजाब, हिमाचल, बिहार और राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी मध्यम से घना कोहरा छाया रहेगा। उत्तर प्रदेश में 7 फरवरी तक और अन्य राज्यों में 5 से 6 फरवरी तक सुबह और रात के समय घने कोहरे का 'ऑरेंज अलर्ट' रहेगा।
अभी फिलहाल तापमान में राहत की उम्मीद कम है। अगले दो-तीन दिनों के भीतर उत्तर प्रदेश, मध्य भारत और पूर्वी भारत (बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल) के न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखी जा सकती है। हालांकि, उत्तर-पश्चिम भारत और पूर्वोत्तर राज्यों के तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन ठंडी हवाओं के कारण कनकनी बनी रहेगी।
यह भी पढ़ें: राहुल ने 'गद्दार' कहा, रवनीत बिट्टू ने मुंह पर बोल दिया 'देश के दुश्मन'
आने वाले कुछ दिनों में मौसम का हाल
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में 6 और 9-10 फरवरी को बर्फबारी की संभावना है। वहीं यूपी में 7 फरवरी तक और बिहार-झारखंड में 6 फरवरी तक घना कोहरा छाए रहने की आशंका है। साथ ही यूपी और पूर्वी भारत में पारा 2 से 4 डिग्री तक और लुढ़क सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तराखंड में पाला और मध्य प्रदेश व हिमाचल में ओलावृष्टि की संभावना है।
