दिल्ली पुलिस और नोएडा स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने 19 नवंबर को देर रात एक गैंगस्टर नसीम दुर्रानी का एनकाउंटर कर दिया। दोनों एजेंसियों की संयुक्त टीम ने उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में एक ज्वाइंट ऑपरेशन के दौरान किया। पुलिस के मुताबिक नसीम दुर्रानी दो दिन पहले ही कपिल मिश्रा के ऑफिस के बाहर समीर नाम के एक युवक की गोली मारकर की गई हत्या में कथित तौर पर शामिल था।
इस हत्याकांड के बाद से ही पुलिस की कई टीमें नसीम की तलाश में जुटी हुई थीं और लगातार उस पर नजर रख रही थीं। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि वह बुलंदशहर में छिपा हुआ है। इस इनपुट के आधार पर दिल्ली पुलिस और नोएडा STF ने मिलकर उसे पकड़ने के लिए घेराबंदी की।
यह भी पढ़ें: 'इस्तीफे का मतलब आरोप स्वीकार करना नहीं है', यशवंत वर्मा ने दी सफाई
कैसे हुआ एनकाउंटर?
पुलिस के अनुसार, जानकारी मिलते ही दिल्ली पुलिस और नोएडा STF की टीमों ने बुलंदशहर में संयुक्त रूप से ऑपरेशन शुरू किया। जब पुलिस टीम ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो दोनों तरफ से मुठभेड़ शुरू हो गई। इस जवाबी कार्रवाई में नसीम दुर्रानी मारा गया।
न्यूज एजेंसी ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, नसीम दुर्रानी का आपराधिक इतिहास काफी गंभीर था। उस पर अंडरवर्ल्ड डॉन और गैंगस्टर छोटा राजन को मारने की साजिश रचने का भी आरोप था। बताया जाता है कि छोटा राजन को रास्ते से हटाने के लिए बाकायदा कॉन्ट्रैक्ट भी ली गई थी। इसमें नसीम के शामिल होने की बात सामने आई थी।
यह भी पढ़ें: मौत से बड़ा खौफ महंगा इलाज, कैंसर और गरीबी के बीच पिसते भारत के परिवार
कपिल मिश्रा के घर के बाहर गोलीबारी
दिल्ली के सोनिया विहार और खजूरी खास इलाके में मंत्री कपिल मिश्रा के कैंप ऑफिस के पास गोलीबारी की घटना में 26 साल के युवक समीर की मौत हो गई थी। बाइक सवार हमलावरों ने करीब 18 से 20 राउंड गोलियां चलाईं थी। मृतक मुस्तफाबाद का रहने वाला था और स्कूटी से जा रहा था। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
