हर्ष गोयनका भारत के मशहूर उद्योगपति हैं। वह सोशल मीडिया पर लगातार एक्टिव रहते हैं। हर्ष गोयनका ने भारत-पाकिस्तान के बीच हुए संघर्ष में इस्लामाबाद का साथ देने वाले तुर्की और अजरबैजान का बहिष्कार करने को कहा है। उन्होंने सभी भारतीयों से कहा है कि वह तुर्की और अजरबैजान की यात्रा का बहिष्कार करें।

 

गोयनका ने यह अपील सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर की गई एक पोस्ट में की है। उद्योगपति ने बताया कि भारतीय पर्यटकों ने 2024 में दोनों देशों की अर्थव्यवस्थाओं में 4,000 करोड़ रुपये से भी ज्यादा का योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास से दोनों दोनों को आर्थिक चोट पहुंचाई जा सकती है।

 

यह भी पढ़ें:  पाकिस्तान की कस्टडी से रिहा हो गए BSF के जवान पुर्णम कुमार शॉ

 

हर्ष गोयनका ने कहा कि भारतीय यात्रियों के लिए अपनी ताकत दिखाने और उन देशों की अर्थव्यवस्था को चोट पहुंचाने का समय आ गया है जो हमारे दुश्मनों का समर्थन करते हैं।
  

गोयनका ने एक्स पर क्या कहा?


गोयनका ने एक्स पर शेयर की गई पोस्ट में लिखा, 'पिछले साल भारतीयों ने पर्यटन के जरिए तुर्की और अजरबैजान को 4,000 करोड़ रुपये दिए। इससे वहां नौकरियां पैदा हुईं। उनकी अर्थव्यवस्था, होटल, शादियां, उड़ानें बढ़ीं। आज पहलगाम हमले के बाद दोनों देश पाकिस्तान के साथ खड़े हैं। भारत और दुनिया में बहुत सी खूबसूरत जगहें हैं। कृपया इन दो जगहों पर न जाएं। जय हिंद।'

 

 

ट्रैवल कंपनियों ने किया बहिष्कार का समर्थन

 

बता दें कि हर्ष गोयनका से पहले भारत की कई भारतीय ट्रैवल कंपनियों ने भी तुर्की और अजरबैजान के लिए अपनी बुकिंग निलंबित कर दी है। ये ट्रैवल कंपनियां तुर्की के बहिष्कार (Boycott Turkey) का खुलकर समर्थन कर रही हैं। इस मुहीम में Ixigo, EasyMyTrip और Cox & Kings ने घोषणा की है कि वे अब तुर्की के लिए ट्रैवल पैकेज नहीं ऑफर करेंगी। गो Go Homestays ने कहा कि वह तुर्की के होटलों के साथ की गई पार्टनरशिप खत्म कर देगी।

 

यह भी पढ़ें: 'अरुणाचल हमारा था, हमारा ही रहेगा', चीन की हरकत पर भारत ने दिया जवाब

 

भारत की बात आती है, तो हम दो बार नहीं सोचते- ixigo

 

एक्स पर ixigo ने एक पोस्ट में कहा, 'हमारे देश के साथ एकजुटता में, ixigo तुर्की, अजरबैजान और चीन के लिए उड़ान और होटल बुकिंग निलंबित कर रहा है। क्योंकि जब भारत की बात आती है, तो हम दो बार नहीं सोचते। जय हिंद।' 

 

 

हम भारत के साथ खड़े हैं- कॉक्स एंड किंग्स

 

कॉक्स एंड किंग्स ने एक्स पर किए गए पोस्ट में कहा, 'हम भारत के साथ खड़े हैं। कभी-कभी एक विराम एक जरूरत बन जाता है। वर्तमान राष्ट्रीय भावनाओं को देखते हुए, हम अजरबैजान, तुर्की और उज्बेकिस्तान की सभी नई यात्राओं पर अस्थायी रोक लगा रहे हैं। भले ही दुनिया के प्रति सम्मान और समझ हमारे हर काम के केंद्र में रहे, लेकिन जब देश इंतजार करता है, हमारी कुछ यात्राएं निलंबित रहेंगी। जय हिंद, कॉक्स एंड किंग्स।'

 

 

ईजमाईट्रिप की यात्रा सलाह

 

ईजमाईट्रिप ने एक्स पर किए गए पोस्ट में कहा, 'यात्रा सलाह! पहलगाम हमले और भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बाद, यात्रियों से सचेत रहने का आग्रह किया जाता है। क्योंकि तुर्की और अजरबैजान ने पाकिस्तान के लिए समर्थन दिखाया है इसलिए हम दृढ़ता से सलाह देते हैं कि वहां केवल तभी जाएं जब बहुत ज़रूरी हो। Stay informed। जिम्मेदारी से यात्रा करें।'