असम के काजीरंगा सड़क हादसे का खौफनाक वीडियो सामने आया है। इसमें साफ दिख रहा है कि एक ट्रैवलर वाहन तेज रफ्तार में गलत लेन में आ जाती है और उसकी ट्रक के साथ आमने-सामने की टक्कर हो जाती है। हादसा ट्रक पर लगे डैशकैम में कैद हो जाता है। एक अन्य वीडियो में ट्रक और ट्रैवलर सड़क से नीचे खड़े दिख रहे हैं। वहीं पुलिस शवों को वाहन से निकाल रही है। यह भीषण हादसा काजीरंगा नेशनल पार्क के पास हुआ है। अभी तक 26 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।
शुरुआती जांच के आधार पर अधिकारियों का मानना है कि ट्रैवलर की स्पीड बहुत अधिक थी। आशंका जताई जा रही है कि ट्रैवलर के ड्राइवर ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया था। इसके बाद ही उसकी ट्रक से भीषण टक्कर हुई है। यह हादसा शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे हुआ। ट्रैवलर बोकाखाट से नागांव की तरफ जा रही थी। तभी राजमार्ग-715 पर कोहोरा रेंज स्थित हाथीकुली चाय बागान के पास रंगाजान में यह हादसा हुआ। प्रशासन ने घायलों को अलग-अलग अस्पताल में भर्ती कराया है।
यह भी पढ़ें: बहरीन पर ईरान ने ड्रोन से किया हमला, US बोला- दोनों को मार गिराया
मृतकों में महिलाएं और छात्र भी शामिल
पुलिस के मुताबिक मृतकों में दो महिलाओं समेत कई छात्र शामिल हैं। ये स्कूल बंद होने के बाद अपने घर को लौट रहे थे। माना जा रहा है कि ट्रैवलर में 35 लोग सवार थे। घटना की जानकारी मिलते ही असम के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री एवं स्थानीय विधायक अतुल बोरा भी घटनास्थल पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल लोगों को जोरहाट मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
हादसे की जांच कराएगा जिला प्रशासन
गोलाघाट जिला प्रशासन ने हादसे की जांच कराने की बात कही। न्यूज एजेंसी पीटीआई से एक अधिकारी ने कहा कि हादसा कैसे हुआ और क्या दोनों या किसी एक वाहन ने यातायात नियमों का उल्लंघन किया था, इसकी विस्तृत जांच कराई जाएगी। इसमें यह भी पता लगाया जाएगा कि क्या वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाया गया था और क्या काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के पास तय गति सीमा का उल्लंघन किया गया था।
यह भी पढ़ें: बलूचिस्तान में सेना के कैंप पर हमला, BLA का 18 जवानों को मारने का दावा
पूरा असम पीड़ितों के साथ खड़ा: सीएम
दर्दनाक हादसे पर राज्य के सीएम हिमंत विश्व शर्मा ने गहरा दुख प्रकट किया। उन्होंने कहा, 'इस हादसे में हुए भारी नुकसान से हम सभी दुखी हैं और जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। कोई भी शब्द उनके दर्द को कम नहीं कर सकता, लेकिन मैं उन्हें यह बताना चाहता हूं कि वे अकेले नहीं हैं। दुख की इस घड़ी में पूरा असम उनके साथ खड़ा है।'
