कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके इस वक्त सोशल मीडिया पर मशहूर हो गए हैं। वह बेरोजगारों के बारे में बात कर रहे हैं। ऐसे में अभिजीत के माता-पिता को डर सता रहा है कि वह किसी मुसीबत में न फंस जाएं। उनके पिता को चिंता है कि अभिजीत को गिरफ्तार किया जा सकता है। अभिजीत के पिता ने बताया कि उन्हें बेटे की फिक्र में दो रातों से नींद नहीं आई। साथ ही अभिजीत के पिता का मानना है कि अभिजीत को राजनीति से दूर रहना चाहिए।


अभिजीत दीपके ने एक हफ्ते पहले सोशल मीडिया पर कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत की थी, जिसके इंस्टाग्राम पर अब तक 1 करोड़ 90 लाख फॉलोअर्स हो गए हैं। जानकारी के लिए बता दें कि अभिजीत दीपके ने बोस्टन यूनिवर्सिटी में पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है। अभिजीत के मशहूर होने के बाद उनके माता-पिता का मराठी न्यूज चैनल पर इंटरव्यू लिया गया, जहां उन्होंने बेटे को लेकर चिंता जाहिर की थी।

 

यह भी पढ़ें: 4 महीने खत्म हुआ वीजा, फिर भी भारत में डटा रहा सोमाली नागरिक, अब हो गई जेल

अभिजीत के माता-पिता ने इंटरव्यू में क्या कहा?

 

अभिजीत के माता-पिता को 21 मई को महाराष्ट्र के एक मराठी न्यूज चैनल में बुलाया गया था। जहां इंटरव्यू के दौरान अभिजीत के माता-पिता भगवान और अनीता ने बेटे को लेकर चिंता जाहिर की थी। उन्होंने बताया कि वे कभी नहीं चाहते थे कि अभिजीत राजनीति में आए। साथ ही भगवान ने बताया था कि बेटे की चिंता में सोच-सोचकर वह दो रातों से सो नहीं पाए हैं।


इसी डर को बताते हुए भगवान ने कहा, 'आजकल की राजनीति को देखकर डरना लाजमी बात हो गई है। मैं चिंता में हूं क्योंकि अभिजीत मशहूर हो गया है। आजकल ऐसे लोगों को गिरफ्तार कर लिया जाता है। इसी वजह से मुझे डर है कि अभिजीत को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसी वजह से मुझे राजनीति से नफरत है।'

 

यह भी पढ़ें: कांग्रेस ने PM मोदी को कहा 'महंगाई मैन', सीएनजी की बढ़त पर घेरा

अभिजीत के बारे में बताई अहम बात

इंटरव्यू में अभिजीत के माता-पिता ने बताया था कि अभिजीत के सोशल मीडिया अकाउंट के मशहूर होने के बारे में पड़ोसियों से पता चला था। अभिजीत ने महाराष्ट्र के संभाजीनगर में पढ़ाई की थी। इसके बाद आगे की पढ़ाई के लिए पुणे चले गए थे। अभिजीत के माता-पिता के मुताबिक, अभिजीत को इंजीनियरिंग की पढ़ाई मुश्किल लगी थी, इस वजह से उन्होंने मीडिया की पढ़ाई की थी।


कॉकरोच जनता पार्टी कैसे हुई चर्चित?

हाल ही में भारत के CJI (भारत के मुख्य न्यायाधीश) ने एक सुनवाई के दौरान बेरोजगार युवाओं की तुलना कॉकरोच से की थी, जिसके व्यंग्य में अभिजीत ने सोशल मीडिया अकाउंट शुरू किया था। बाद में जस्टिस सूर्यकांत ने अपनी टिप्पणी पर सफाई दी थी। उन्होंने बताया था कि उनकी टिप्पणी उन लोगों के लिए थी जो फर्जी डिग्रियां लेकर वकील बन जाते हैं।