पूरा उत्तर भारत पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। गुरुवार शाम को दिल्ली और आसपास क्षेत्र में बारिश के बाद लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिली है। तेज आंधी तूफान के बाद राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में मौसम सुहाना हो गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि कल यानी 29 मई को अधिकतम तापमान में 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट देखने को मिल सकती है। 

 

इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार को यूपी-बिहार समेत 13 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। 9 राज्यों में ओलावृष्टि की संभावना जताई है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ स्थानों पर धूल भरी आंधी की चेतावनी दी है।

 

यह भी पढ़ें: ड्राइवर ने 25KM दूर महिला को उतारा, अब ओला पर लगा 50 हजार का जुर्माना

 

आईएमडी ने लोगों से आंधी के दौरान पेड़ों से नीचे खड़े होने से बचने और कमजोर ढांचों से दूर रहने की सलाह दी है। विभाग ने कहा कि उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में आज से भीषण गर्मी की लहर में कमी आने की संभावना है। हालांकि राजस्थान, विदर्भ और पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी जारी रहेगी, लेकिन कल से इसमें काफी कमी आने की संभावना है।

 

भारी बारिश का अलर्ट: मौसम विभाग ने शुक्रवार यानी 29 मई को पंजाब-हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बिहार, तमिलनाडु, ओडिशा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, केरल, पुडुचेरी और उत्तराखंड के अलग-अलग स्थानों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

 

ओलावृष्टि की चेतावनी: उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, छत्तीसगढ़, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज चमक के साथ ओले पड़ने की संभावना है।

 

आंधी-तूफान: शुक्रवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ स्थानों पर धूल भरी आंधी आ सकती है। इसके अलावा पंजाब-हरियाणा, बिहार, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ जगहों पर 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना है। आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, गंगा-तटीय पश्चिम बंगाल, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, झारखंड, मध्य प्रदेश और ओडिशा में भी तेज आंधी का अलर्ट है। यहां हवा की रफ्तार 50 से 60 किमी प्रति घंटा रह सकती है।

 

यह भी पढ़ें: त्विषा शर्मा केस: सास गिरिबाला को CBI ने किया अरेस्ट, घंटों पूछताछ भी हुई

 

मौसम अनुमान के मुताबिक हिमाचल प्रदेश, गुजरात, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, तमिलनाडु, पुडुचेरी, तेलंगाना, उत्तराखंड और विदर्भ में भी गरज-चमक वाला मौसम बना रहेगा। कुछ स्थानों पर 40 से 50 किमी की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी।

 

इन राज्यों में लू का अलर्ट: पश्चिमी राजस्थान में लोगों को अभी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। शुक्रवार को कुछ हिस्सों में भीषण लू का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा तटीय आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, तेलंगाना और विदर्भ में भी लू की चेतावनी दी गई है। तमिलनाडु और पुडुचेरी के कुछ हिस्सों में मौसम गर्म और उमस भरा रहेगा।