देश के कई हिस्सों में मॉनसून एक बार फिर तेज हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के 28 जुलाई 2026 के पूर्वानुमान के अनुसार, पूर्वी, मध्य और उत्तर भारत के कई राज्यों में आज भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने ओडिशा और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा झारखंड, मध्य प्रदेश, विदर्भ, पूर्वी राजस्थान, गुजरात, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड और पूर्वोत्तर के कई इलाकों में भी भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। वहीं, कुछ राज्यों को आज बारिश से राहत भी मिल सकती है।

 

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की बात करें तो दिल्ली और एनसीआर में मंगलवार को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान जताया है। इससे तापमान में गिरावट और उमस से राहत मिलने की संभावना है।

 

यह भी पढ़ें: कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन में BJP ने क्या खोया, क्या पाया?

 

 

 इन राज्यों में बारिश की संभावना

आईएमडी के अनुसार, आज ओडिशा और छत्तीसगढ़ में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। झारखंड, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों में भी तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। गुजरात और कोंकण क्षेत्र में भी कई स्थानों पर भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। लगातार बारिश के चलते निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने की आशंका है।

 

यूपी में अलर्ट, बिहार में राहत

उत्तर प्रदेश के पूर्वी और तराई क्षेत्रों में आज भारी बारिश की संभावना है। मेरठ, शामली, बागपत, बिजनौर, आगरा, मथुरा, रामपुर, बरेली, अलीगढ़, झांसी, ललितपुर, जालौन, हमीरपुर, महोबा, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही कई जिलों में गरज-चमक की भी चेतावनी जारी की गई है। बिहार के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में भी अच्छी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, इन क्षेत्रों में अगले 24 घंटे तक मॉनसून की गतिविधियां बनी रहेंगी।

पहाड़ी राज्यों में अलर्ट

उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में मंगलवार को भी बारिश जारी रहने का अनुमान है। आईएमडी ने उत्तराखंड के कई जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान अचानक बाढ़ यानी फ्लैश फ्लड का खतरा रहने की आशंका जताई है और इसको लेकर अलर्ट जारी कर दिया है। इसमें अल्मोड़ा, चमोली, चंपावत, देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, बागेश्वर और नैनीताल शामिल हैं। मौसम विभाग ने आज उत्तराखंड में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हिमाचल के कई जिलों में भी अलर्ट जारी है लेकिन जम्मू-कश्मीर में आज कम बारिश की संभावना है। 

पूर्वोत्तर में मॉनसून का असर

पूर्वोत्तर राज्यों में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है। असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। असम के कई जिलों में पहले से बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। लगातार बारिश के कारण कई नदियों का जलस्तर बढ़ा हुआ है और निचले इलाकों में जलभराव की समस्या बनी हुई है। राहत एवं बचाव कार्य भी जारी हैं।

 

यह भी पढ़ें: पत्नी की विदाई करने से इनकार कर रहा था ससुर, दामाद ने रेत दिया गला

इन दो राज्यों में रेड अलर्ट

आईएमडी की फ्लैश फ्लड गाइडेंस के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान ओडिशा, झारखंड और छत्तीसगढ़ के कई जिलों में अचानक बाढ़ का खतरा कम से मध्यम स्तर तक रह सकता है। ओडिशा में अनुगुल, बौध, बरगढ़, कंधमाल, बालेश्वर, देवगढ़, मयूरभंज, क्योंझर, भद्रक, कटक, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, ढेंकनाल, रायगढ़ा, संबलपुर, सुवर्णपुर और सुंदरगढ़, झारखंड में पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, खूंटी, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम, जबकि छत्तीसगढ़ में बलरामपुर, सूरजपुर, सरगुजा, कोरबा और कोरिया जिलों को लेकर यह चेतावनी जारी की गई है।