गुजरात में भारतीय सेना ने एक ऐसा कारनामा किया है, जिसने सबका ध्यान खींचा है। सेना के चार छोटे विमान यानी माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट ने गुरुवार को अमृतसर-जामनगर इकोनॉमिक कॉरिडोर पर सफल लैंडिंग की। इसके बाद इन विमानों ने हाइवे से ही दोबारा उड़ान भी भरी। यह अभ्यास गुजरात में नेशनल हाइवे के एक हिस्से पर किया गया। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने इसका वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है।
यह अभ्यास भारतीय सेना की टीम 'माउंटेन ईगल्स' ने किया। सेना की टीम 'विंग्स ऑफ वेलोर एंड यूनिटी एक्सपीडिशन' के तहत यह अभियान चला रही है। चारों विमानों ने गुजरात में NH-754A के 946 से 949 किलोमीटर के बीच हाइवे पर लैंडिंग और टेकऑफ किया। इस अभ्यास का मकसद यह दिखाना था कि जरूरत पड़ने पर सेना के विमान हाइवे का इस्तेमाल भी कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें: शरद पवार की फिर बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती; बैठक छोड़ सुप्रिया सुले रवाना
हाइवे बनेंगे रनवे?
दरअसल, इस अभियान में दो फिक्स्ड-विंग माइक्रोलाइट विमान और दो पावर्ड हैंग ग्लाइडर शामिल थे। इन विमानों ने कांडला एयरपोर्ट से उड़ान भरी और गुजरात के पाटन जिले में बाकुट्रा टोल प्लाजा के पास हाइवे पर उतरे। इस दौरान विमानों में ईंधन भरने का अभ्यास भी किया गया। सड़क पर विमानों की लैंडिंग और फिर उड़ान भरने की पूरी प्रक्रिया को सुरक्षा इंतजामों के बीच अंजाम दिया गया। इस अभ्यास ने दिखाया कि देश के आधुनिक हाइवे जरूरत पड़ने पर सैन्य ऑपरेशन और आपातकालीन गतिविधियों में भी इस्तेमाल किए जा सकते हैं।
क्या बोले नितिन गडकरी?
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इस अभ्यास को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने इस अभ्यास का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 'इससे पता चलता है कि देश के आधुनिक हाइवे सिर्फ गाड़ियों के आने-जाने के लिए ही नहीं, बल्कि जरूरत पड़ने पर सेना के विमानों के इस्तेमाल के लिए भी काम आ सकते हैं। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय तथा NHAI ऐसे हाइवे बना रहे हैं, जो देश की कनेक्टिविटी बेहतर करने के साथ आर्थिक विकास और सेना की जरूरतों को भी पूरा कर सकें।' उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ऐसे हाइवे नेटवर्क तैयार करने पर काम कर रही है, जो सामान्य यातायात के अलावा देश की सुरक्षा, आपातकालीन जरूरतों और विकास में भी मददगार साबित हों।
अभ्यास के लिए रोका ट्रैफिक
इस अभ्यास में भारतीय सेना के साथ NHAI, स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने भी सहयोग किया। विमानों की सुरक्षित लैंडिंग के लिए हाइवे के चुने हुए हिस्से को खाली कराया गया था। इस दौरान ट्रैफिक को कुछ समय के लिए दूसरे रास्तों पर भेजा गया। अभ्यास पूरा होने के बाद सड़क पर वाहनों की आवाजाही फिर से शुरू कर दी गई।
यह भी पढ़ें: पुराने वफादारों ने आसानी से किए गठबंधन, कांग्रेस का खेल बिगाड़ेंगे बड़बोले नेता?
आपातकाल में बनेगा सहारा
इस अभियान का नाम 'विंग्स ऑफ वेलोर एंड यूनिटी' है। इसे 14 नवंबर को शुरू किया गया था और 28 नवंबर को मध्य प्रदेश के महू में इसका समापन होगा। यह अभियान मध्य प्रदेश, गुजरात और राजस्थान से होकर गुजर रहा है। सेना के इस अभ्यास से यह भी दिखा है कि आपात स्थिति, सैन्य जरूरत या दूसरी विशेष परिस्थितियों में हाइवे वैकल्पिक हवाई पट्टी के रूप में काम आ सकते हैं। इससे देश की रक्षा तैयारियों और आपातकालीन व्यवस्था को मजबूती मिल सकती है।
