अमेरिका ने हिंद महासागर में जिस ईरानी युद्धपोत को हमला करके डुबो दिया उसके बाद भारत में विपक्षी पार्टियों के नेता बीजेपी पर हमलावर हो गए हैं। इस युद्धपोत का नाम डेना है जिसे हिंद महासागर में अमेरिकी सेना ने तहस-नहस कर दिया।
इस युद्धपोत ने हाल ही में मिलिट्री एक्सरसाइज में हिस्सा लिया था। इसे इंटरनेशनल फ्लीट रिव्यू 2026 कहा गया था। इसकी मेजबानी भारत ने की थी। अब इसको लेकर विपक्ष बीजेपी पर हमलावर हो गया है।
यह भी पढ़ें: IRIS डेना तबाह, घुटनों पर आएगा ईरान? अमेरिका ने UNCLOS की भी उड़ाई धज्जियां
संजय सिंह ने की आलोचना
आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने इस जहाज का एक वीडियो शेयर करते हुए एक्स पर पोस्ट के जरिए पीएम मोदी की आलोचना की। उन्होंने लिखा, 'ये वीडियो मोदी जी की कायरता को हमेशा-हमेशा के लिए दर्ज करेगा भारत के बुलावे पर मिलन युद्धाभ्यास 2026 के लिए ईरान ने अपना जहाज भेजा था। महामहिम राष्ट्रपति जी के सामने इस जहाज की खूबियां बताई गईं।'
उन्होंने लिखा,'इस जहाज को अमेरिका ने मार गिरााय जिसमें 100 से अधिक नाविक मारे गए, हमारे मेहमान मारे गए और मोदी खामोश हैं।'
वहीं कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने लिखा, 'ये ईरानी नौसैनिक भारत में एक कार्यक्रम में आए थे, जिन्हें हमने बुलाया था और वह हमारे मेहमान थे। जब वह वापस लौट रहे थे तब अमेरिकी सबमरीन ने उनके जहाज पर हमला कर उन्हें मार दिया।'
उन्होंने लिखा, 'लेकिन पीएम मोदी की तरफ से कोई आवाज नहीं आई। यह कायरता मंजूर नहीं है। पीएम मोदी का समझौता भारत को शर्मिंदा कर रहा है।'
यह भी पढ़ें: 1 हजार मौतें, टॉरपीडो अटैक, कम होते ईरानी हमले, कहां जा रही है यह जंग?
वहीं समाजवादी पार्टी के विधायक रईस शेख ने लिखा, 'श्रीलंका के पास आईआरआईएस डेना के डूबने से बहुत दुख हुआ। कुछ दिन पहले ही इसके नाविकों ने समुद्री सहयोग के प्रतीक मिलन एक्सरसाइज के दौरान विशाखापत्तनम में मार्च किया था। 80 से ज्यादा नाविकों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है।'
