केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्हें 7 बड़ी नसीहत दी है। किरेन रिजिजू ने कहा कि अगर विपक्षी पार्टी ‘ज्यादा सीटें जीतना’ चाहती है तो उसके वरिष्ठ नेता को भारत में अधिक समय बिताना चाहिए और भारत विरोधी लोगों से मिलना बंद करना चाहिए। किरेन रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी को भारतीय परंपरा के अनुसार वरिष्ठ नेताओं का सम्मान करने और बुजुर्गों से बहुमूल्य सीख लेने को भी कहा। 

 

हाल ही  में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फिर से खुली बहस की चुनौती दी है। इसके बाद से भी भारतीय जनता पार्टी और कांगेस के नेताओं के बीच जुबानी जंग छिड़ गई है। इसपर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी को 7 बड़ी नसीहतें दे दी हैं।

 

यह भी पढ़ें: अखिलेश यादव का 15 लाख का चेक बाउंस! 22 साल बाद सैफई हादसे का पीड़ित पहुंचा कोर्ट

राहुल गांधी को किरेन रिजिजू की 7 बड़ी नसीहतें

किरेन रिजिजू ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि अगर राहुल गांधी सात शर्तें पूरी करते हैं, तो कांग्रेस 'अधिक सीटें जीत सकती है। इन शर्तों को तंज कसते हुए किरेन रीजीजू ने कहा कि राहुल गांधी को भारत में अधिक समय बिताना चाहिए और बार-बार विदेश में गुपचुप छुट्टियां मनाने से बचना चाहिए। 

 

उन्होंने आगे कहा कांग्रेस नेता से भारतीय परंपरा के अनुसार वरिष्ठ नेताओं का सम्मान करने और बुजुर्गों से बहुमूल्य सीख लेना चाहिए। राहुल गांधी को सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि वह भारत विरोधी लोगों से मिलना बंद करें और उनके एजेंडे को बढ़ावा देना भी बंद करें। चौथी शर्त के तौर पर केंद्रीय मंत्री ने राहुल गांधी से कहा कि उन्हें बीजेपी, आरएसएस और मोदी जी के प्रति गहरी नफरत खत्म करनी चाहिए। 

 

उन्होंने राहुल गांधी से कहा कि बीजेपी को राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी मानना चाहिए, दुश्मन नहीं।' उन्होंने 'संसद को अधिक गंभीरता से लेने' और सांसदों को बहस एवं चर्चा में हिस्सा लेने देने को भी कहा। इसके अलावा, रीजीजू ने आखिरी दो शर्तें गिनाते हुए कहा, 'भारत के संविधान का सम्मान करें, संवैधानिक संस्थाओं का आदर करें और कांग्रेस पार्टी को एक लोकतांत्रिक दल के रूप में काम करने दें और वंशवादी राजनीति को खत्म करें।' 

सोशल मीडिया पर शेयर किया वीडियो

इससे पहले किरेन रिजिजू ने संसद में दिए गए अपने भाषण का एक वीडियो क्लिप पोस्ट किया था। उस दौरान विपक्षी नेता सदन से बाहर निकल गए थे।  राहुल गांधी ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को एक बार फिर खुली बहस की चुनौती देते हुए कहा कि अगर मोदी उनके साथ बहस करते हैं तो वह पांच मिनट में साबित कर देंगे कि प्रधानमंत्री देशद्रोही हैं और वह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इशारे पर काम करते हैं।