असम के गुवाहाटी के पास डिगारू में बुधवार सुबह एक ट्रेन हादसे का शिकार हो गई। ट्रेन संख्या 13125 कोलकाता-साइरंग एक्सप्रेस के इंजन समेत कई डिब्बे पटरी से उतर गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ट्रेन के 5 डिब्बे और इंजन पटरी से उतरे हैं। हादसा डिगारू रेलवे स्टेशन के पास हुआ। घटना के बाद मौके पर राहत और बचाव का काम शुरू हो गया है। रेलवे ने अब तक किसी के हताहत होने या घायल होने की पुष्टि नहीं की है। अधिकारी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा ले रहे हैं।
हादसे के दौरान ट्रेन डिगारू स्टेशन से गुजर रही थी। घटना के बाद नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर रेलवे के CPRO कपिंजल किशोर शर्मा ने हादसे की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभी तक किसी के घायल होने या मौत की खबर नहीं है। कपिंजल किशोर शर्मा के मुताबिक, हादसा 11 नवंबर की सुबह करीब 6:54 बजे डिगारू रेलवे स्टेशन के पास हुआ। हादसे में कोलकाता-साइरंग एक्सप्रेस के 5 डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे की जांच के लिए रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं।
यह भी पढ़ें: UP में संविदा पर काम करने वाले हेल्थ वर्कर्स को भी मिलेगा PF, क्या है शर्त?
दूसरी ट्रेन को रास्ता देते समय हुआ हादसा
रेलवे CPRO के अनुसार, 11 नवंबर को ट्रेन नंबर 13125 कोलकाता-साइरंग एक्सप्रेस को डिगारू स्टेशन पर रोका जा रहा था। ऐसा दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के लिए किया जा रहा था। इसी दौरान लोको पायलट ट्रेन की रफ्तार को काबू नहीं कर पाए। जिसके चलते इंजन और 5 डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे के बाद ट्रेन में सवार यात्रियों को दूसरी ट्रेनों से उनके गंतव्य स्थानों की तरफ रवाना किया गया।
हादसा होने के बाद एक स्थानीय निवासी ने बताया कि वह सुबह टहलने निकले थे। इसी दौरान उन्हें हादसे की जानकारी मिली। वह तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। उनके अनुसार हादसे की जगह डिगारू रेलवे स्टेशन से करीब 500 मीटर की दूरी पर है।
यह भी पढ़ें: 500 रुपये के नोट बंद कराना चाहते हैं चंद्रबाबू, इससे कम हो जाता है भ्रष्टाचार?
उन्होंने बताया कि मौके पर ट्रेन के 6 डिब्बे पटरी से उतरे हुए थे। किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं मिली। स्थानीय लोगों से ट्रेन के ब्रेक फेल होने की बात सुनने को मिली थी। उन्होंने कहा कि आसपास कई घर हैं। गनीमत रही कि किसी घर को नुकसान नहीं पहुंचा। उन्होंने हादसे की जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।
