चीन के कुछ व्लॉगर भारत के खिलाफ दुष्प्रचार में जुटे हैं। चीनी नागरिक, बांग्लादेश की गरीब बस्तियों की फुटेज बनाकर उसे नई दिल्ली का बता रहे थे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है। मीडिया ब्रीफिंग के दौरान मंगलवार को एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि विदेश मंत्रालय ने इस मामले पर संज्ञान लिया है। किसी भी देश की गलत तस्वीर पेश करने की ऐसी कोशिशें दुर्भाग्यपूर्ण हैं।

 

रणधीर जायसवाल ने कहा कि ढाका को दिल्ली बताने के लिए विदेशी लोगों को लगाने की कोशिशें झूठी बातें फैलाने जैसी हैं। उनके मुताबिक इससे ऐसा करने वालों और फिल्मांकन करने वालों की साख ही कमजोर होती है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से ऐसी रिपोर्ट पर कार्रवाई करने की अपील भी की।

यह भी पढ़ें: 'बांग्लादेश लौटने का मतलब है सिर्फ मौत', शेख हसीना को डरा रही तारिक रहमान सरकार?

क्यों इस मामले पर मचा है शोर?

ANI की एक रिपोर्ट के मुताबिक बांग्लादेश के अखबार प्रथम आलो की एक खोजी रिपोर्ट में दावा किया गया कि करीब 150 चीनी नागरिक ढाका की गरीब बस्तियों में फिल्मांकन कर रहे हैं। वे इन्हें डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दिखाते हैं और दावा करते हैं कि ये जगहें नई दिल्ली में हैं। रिपोर्ट के मुताबिक टेकपाड़ा और उत्तरा जैसे इलाकों में डॉक्यूमेंट्री शूट की गई। इसमें रहन-सहन और वहां के लोगों को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां की गईं।

रिपोर्ट में बताया गया कि मियानमियान नाम की एक चीनी नागरिक ने 1 नवंबर को उत्तरा के सेक्टर 12 से लाइवस्ट्रीम किया। उसने इसे नई दिल्ली बताया और वहां के ढांचे और हालात की आलोचना की। वांग वेई नाम के एक शख्स ने टेकपाड़ा में चाय बेचने वालों का वीडियो बनाते और वहां की चाय पर अपमानजनक टिप्पणी करते देखा गया। ये लाइवस्ट्रीम वीचैट और दोयिन जैसे प्लेटफॉर्म पर दिखाए गए।

 

यह भी पढ़ें: भारत-बांग्लादेश के बीच 30 साल पुरानी गंगा जल संधि खत्म हो रही है, अब आगे क्या?

स्थानीय लोगों की क्या शिकायत है?

रिपोर्ट में स्थानीय लोगों की चिंता भी दिखाई गई है। उनका कहना है कि वीडियो बनाने वाले दल बिना इजाजत घरों, रसोई और प्राइवेट जगहों में घुस जाते हैं। प्रथम आलो ने शिकायत भरे लहजे में कहा कि स्थानीय सहायक इन विदेशी नागरिकों को इलाकों में घुमाने में मदद करते हैं। उन्हें रोजाना 700 से 800 बांग्लादेशी टका दिए जाने की बात कही गई है। रिपोर्ट के मुताबिक स्थानीय पुलिस ने भी माना है कि उत्तरा इलाके में विदेशी नागरिक फिल्मांकन करते दिखे हैं। इन गतिविधियों के पीछे की वजहों की जांच अभी चल रही है।