भारतीय क्रिकेट टीम से तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को पहले टेस्ट में बाहर रखने का मामला अब राजनीतिक विवाद बन गया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच की प्लेइंग-11 में सिराज को जगह नहीं मिलने पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने अब सवाल उठा दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अच्छे प्रदर्शन के बावजूद सिराज को टीम में शामिल नहीं किया गया, क्योंकि उनका नाम सिराज है। मसूद के इस बयान पर बीजेपी ने भी उन पर पलटवार किया है। बीजेपी ने कांग्रेस को घेरते हुए उस पर क्रिकेट में भी वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया है।
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में कहा कि सिराज ने अच्छा प्रदर्शन किया है, इसके बावजूद उन्हें टीम में जगह नहीं दी गई। उन्होंने कहा, 'कहा जा रहा है कि अच्छे प्रदर्शन के बावजूद उन्हें टीम में शामिल नहीं किया गया। उनका नाम सिराज है और इसलिए उन्हें जगह नहीं मिली। इसके अलावा और क्या वजह है? अगर अच्छे प्रदर्शन के बाद भी चयन नहीं होता है, तो यह भेदभाव साफ दिखाई देता है।'
यह भी पढ़ें: 23 दिसंबर को होंगे चंडीगढ़ नगर निगम के चुनाव, 26 दिसंबर को आएंगे नतीजे
बीजेपी ने कांग्रेस पर साधा निशाना
इमरान मसूद के बयान पर बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने पलटवार किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'कांग्रेस पर शर्म आती है! अब क्रिकेट टीम के चयन में भी वोट बैंक की राजनीति की जा रही है।' प्रदीप भंडारी ने कहा कि सिर्फ सिराज ही नहीं, बल्कि रविंद्र जडेजा को भी प्लेइंग-11 में जगह नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि हर खिलाड़ी भारतीय टीम की जर्सी पहनकर देश का प्रतिनिधित्व करता है। क्रिकेट को सांप्रदायिक और वोट बैंक की राजनीति से दूर रखना चाहिए।
सिराज को लेकर उठे सवाल
मोहम्मद सिराज को बाहर रखने के फैसले पर सोशल मीडिया से लेकर क्रिकेट जगत के जानकार तक सवाल उठा रहे हैं। पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुनील गावस्कर और रवि शास्त्री ने भी हैरानी जताई है। सुनील गावस्कर ने उनके चयन न होने को हैरान करने वाला बताया, जबकि रवि शास्त्री ने कहा कि सिराज के अनुभव और मेहनत को देखते हुए उन्हें टीम में जगह मिलनी चाहिए थी। सिराज पिछले कुछ समय से भारतीय तेज गेंदबाजी का अहम हिस्सा रहे हैं। इंग्लैंड के खिलाफ ओवल टेस्ट में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था। हालांकि, वह अब प्लेइंग 11 में जगह बनाने में नाकाम रहे हैं।
यह भी पढ़ें: MP के श्योपुर में वन विभाग की टीम पर रेत माफिया का हमला, दो कर्मचारी घायल
कप्तान शुभमन गिल ने क्या कहा?
एक तरफ मोहम्मद सिराज को ड्रॉप किए जाने को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं, वहीं भारतीय कप्तान शुभमन गिल और बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने सिराज को बाहर रखने के फैसले का बचाव किया है। शुभमन गिल ने कहा कि टीम को लेकर पिछले एक सप्ताह से चर्चा चल रही थी और सभी तेज गेंदबाज अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। ऐसे में कुछ खिलाड़ियों को बाहर रखना मुश्किल फैसला था। सितांशु कोटक ने भी साफ किया कि सिराज के साथ कोई समस्या नहीं है और टीम मैनेजमेंट ने मौजूदा परिस्थितियों के हिसाब से सबसे बेहतर प्लेइंग-11 चुनी है।
