भारत के एशियन पैरा गेम्स के जांबाज खिलाड़ी और गोल्ड मेडलिस्ट रह चुके नीरज यादव की मौत से खेल जगत में शोक की लहर है। नीरज यादव का शव मंगलवार को उनके घर पर मिला था। पुलिस ने उनके शव को अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। नीरज यादव के कोच सत्यनारायण ने दुख जताया है। उन्होंने बताया कि इस महीने एशियन पैरा गेम्स में नीरज हिस्सा नहीं ले पाए थे, जिसकी वजह से वह बेहद तनाव में थे।

 

दिल्ली पुलिस नीरज के शव को जीटीबी हॉस्पिटल ले गई है, जहां उनका पोस्टमार्टम हो रहा है। फिलहाल पोस्टमार्टम की रिपोर्ट नहीं आई है। जानकारी के लिए बता दें कि 42 साल के नीरज मंगलवार को अपने फ्लैट में मृत पाए गए।

 

यह भी पढ़ें: E20 के बाद E100 एथेनॉल को सरकार ने दी मंजूरी, कारों पर क्या पड़ेगा असर?

नीरज 3 बार जीते थे गोल्ड मेडल

नीरज यादव मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे। उनका जन्म 10 फरवरी 1994 को गाजियाबाद में हुआ था। वह 2005 से लेकर 2012 तक व्हीलचेयर पर टेनिस खेलते थे। इसके बाद उन्होंने अपने हौसलों को रुकने नहीं दिया। नीरज ने बतौर पैरा एथलीट भारत का नाम रोशन किया था।

 

2018 में जकार्ता में भाला फेंककर उन्होंने गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इसके बाद नीरज ने 2023 में हांगझोउ में जैवलिन और डिस्कस थ्रो में गोल्ड मेडल जीते थे। उन्होंने अपने खेल करियर में 3 बार गोल्ड मेडल हासिल किए थे।

 

यह भी पढ़ें: 'अभिजीत दीपके का करियर खत्म', ऐसा क्यों बोले मार्कंडेय काटजू?

नीरज के कोच ने जताया दुख

कोच सत्यनारायण ने नीरज की मौत को लेकर दुख जताया है। उन्होंने बताया कि नीरज का शव अस्पताल में है। इसके साथ ही सत्यनारायण ने कहा, 'नीरज ने आत्महत्या क्यों की, मैं इसका कारण नहीं बता सकता, लेकिन अगर आप मुझसे पूछें, तो मैं कहूंगा कि एक खिलाड़ी को उतार-चढ़ाव का सामना धैर्य से करना चाहिए। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि उन्होंने इतना कड़ा कदम उठाया।'

 

इसके बाद सत्यनारायण ने कहा, 'नीरज ने आत्महत्या कर ली है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। एफ 55 वर्ग में खेलने वाले 42 साल के नीरज इस महीने की शुरुआत में एशियाई पैरा खेलों में भाग नहीं ले पाए थे, जिस कारण वह तनाव में थे।'