भारतीय एयरफोर्स के अटैक के बाद पाकिस्तान ने रहीम यार खान एयरबेस को एक हफ्ते के लिए बंद कर दिया है। पाकिस्तान के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने शनिवार शाम को एक नोटिस टू एयरमैन (NOTAM) जारी किया। पाकिस्तान का यह एयरबेस पंजाब प्रांत में पड़ता है। 9-10 मई की रात भारतीय एयरफोर्स ने इस एयरबेस को तबाह किया था। पाकिस्तान ने अपने NOTAM में कहा कि काम प्रगति पर चल रहा है। इस वजह से रनवे को बंद किया गया है। पाकिस्तान का NOTAM भारतीय समयानुसार शनिवार शाम 4:30 बजे से 18 मई सुबह 5:29 बजे तक लागू रहेगा।  

 

अचानक एयरबेस बंद करने से यह अब स्पष्ट हो चुका है कि भारतीय मिसाइलों ने यहां भीषण तबाही मचाई है। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक अपने NOTAM में पाकिस्तान ने कहा कि रहीम यार खान का इकलौता रनवे उड़ान संचालन के लिए उपलब्ध नहीं होगा। नोटम में WIP कोड का इस्तेमाल किया गया है। अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन के मुताबिक NOTAM में WIP कोड का इस्तेमाल यह बताता है कि कोई कार्य प्रगति पर चल रहा है। अमेरिकी संघीय उड्डयन प्रशासन के मुताबिक WIP से यह पता चलता है कि रनवे पर कोई काम चल रहा है। 

 

यह भी पढ़ें: PAK के कौन-कौन से एयरबेस तबाह? इंडियन आर्मी ने बताया


पाकिस्तान के 6 सैन्य ठिकाने तबाह

भारत के सशस्त्र बलों ने शनिवार की रात को पाकिस्तान के छह सैन्य ठिकानों को तबाह किया। भारतीय लड़ाकू विमानों ने मिसाइल हमलों से पाकिस्तान के सैन्य ढांचे को गहरी चोट पहुंचाई। भारत ने रफीकी, मुरीद, चकलाला, रहीम यार खान, शुकुर और चूनिया स्थित पाकिस्तान के सैन्य ठिकानों पर सटीक मिसाइलें दागीं। पसूर स्थित रडार साइट और सियालकोट स्थित एविएशन बेस को नष्ट किया। भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान के टेक्निकल इस्टॉलाइजेशन, कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, रडार साइट और हथियार भंडार को भी चुनकर निशाना बनाया।

 

यह भी पढ़ें: चीन की पाकिस्तान परस्ती में बलूचिस्तान कितनी बड़ी वजह? पूरी कहानी

 

जैसलमेर के सामने पड़ता है रहीम यार खान

रहीम यार खान एयरबेस में ही शेख जायद इंटरनेशनल एयरपोर्ट भी है। यहां सिर्फ एक रनवे है। इसकी लंबाई 3000 मीटर है। यह एयरबेस राजस्थान के जैसलमेर शहर के ठीक सामने पड़ता है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच चार दिनों तक संघर्ष चला। मगर शनिवार शाम को अचानक दोनों देशों के बीच सीजफायर पर सहमति बनी। मगर कुछ ही देर बाद पाकिस्तान ने इसका उल्लंघन कर दिया। रक्षा मंत्रालय ने अपनी ब्रीफिंग में कहा कि भारत के सशस्त्र बल पूरी तरह से सतर्क और तैयार हैं। अगर पाकिस्तान ने किसी भी तरह की गफलत की तो करारा जवाब दिया जाएगा।